नेपाल के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी इंडिया-A, जानिए कब होंगे मुकाबले
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से बड़ी खबर सामने आई है। इंडिया-A टीम दिसंबर में नेपाल के दौरे पर जाएगी, जहां 3 मैचों की टी-20 सीरीज होगी। सभी मुकाबले नेपाल के कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। मुकाबले 9, 11 और 13 दिसंबर को आयोजित होंगे। इस दौरे को लेकर फैसला स्कॉटलैंड में हुई इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की वार्षिक आम बैठक के दौरान हुई है। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
फैसला
BCCI ने किया आखिरी फैसला
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) के अध्यक्ष चतुर बहादुर चंद, सचिव पारस खड़का और BCCI सचिव देवजीत सैकिया के बीच इस पूरे मामले पर पहले चर्चा हुई और इसके बाद ये फैसला लिया गया। साल 2024 में नेपाल ने टी-20 विश्व कप की तैयारियों के तहत गुजरात में आयोजित SMS फ्रेंडशिप कप में हिस्सा लिया था। इस टूर्नामेंट में नेपाल के साथ गुजरात और बड़ौदा की टीमें थीं। नेपाल ने फाइनल में गुजरात को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
मुंबई
युगांडा की टीम मुंबई के खिलाफ खेलेगी
पिछले कुछ सालों में BCCI ने एसोसिएट देशों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। भारत ने द्विपक्षीय मुकाबलों के जरिए इन टीमों को बेहतर तैयारी का मौका दिया है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) और क्रिकेट युगांडा के बीच हुई 5 साल की साझेदारी के बाद युगांडा की टीम ने मुंबई का दौरा किया था। वहीं, विदर्भ की टीम नामीबिया दौरे पर गई और वहां की टीम के खिलाफ मुकाबले खेले।
शेड्यूल
ये युवा खिलाड़ी खेलते हुए आ सकते हैं नजर
इंडिया-A और नेपाल के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज 9 से 13 दिसंबर तक खेली जाएगी। इस दौरान भारतीय टीम के नियमित वनडे खिलाड़ियों की उपलब्धता मुश्किल नजर आ रही है। भारत का न्यूजीलैंड दौरा 1 दिसंबर को खत्म होगा, जबकि श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज की शुरुआत 13 दिसंबर से होगी। इस सीरीज के लिए टी-20 विशेषज्ञ खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। संभावित नामों में वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह शामिल हैं।
फॉर्म
कमाल के फॉर्म में चल रही है नेपाल
नेपाल क्रिकेट की पिछले एक साल की यात्रा काफी शानदार रही है। टीम 2026 टी-20 विश्व कप के ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी, लेकिन उसने टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ी थी। वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 4 रन की करीबी हार के दौरान नेपाली टीम को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला था। वहीं, स्कॉटलैंड के खिलाफ टीम ने जीत दर्ज की थी। नेपाल ने 2026 एशियन गेम्स क्वालीफायर में भी शानदार प्रदर्शन किया था।