त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए इंडिया-A टीम का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जून 2026 में श्रीलंका में होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया-A टीम का चयन कर लिया है। इस सीरीज में मेजबान श्रीलंका-A और अफगानिस्तान-A की टीम भी हिस्सा लेंगी। इस दौरे को युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर माना जा रहा है। टीम के कप्तान तिलक वर्मा होंगे और उपकप्तान रियान पराग को बनाया गया है। वहीं, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी मौका मिला है।
टीम
ऐसी है इंडिया-A की पूरी टीम
ऐसी है इंडिया-A की पूरी टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान। सीरीज के सभी मुकाबले दांबुला में खेले जाएंगे। इस सीरीज के बाद श्रीलंका-A के खिलाफ भारत-A टेस्ट सीरीज भी खेलेगी। इसके लिए अभी टीम का ऐलान नहीं हुआ है।
कार्यक्रम
ऐसा है सीरीज का कार्यक्रम
सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को खेला जाएगा। इंडिया-A का सामना श्रीलंका-A से होगा। दूसरा मैच 11 जून को इंडिया-A अफगानिस्तान-A के बीच खेला जाएगा। तीसरा मैच 13 जून को अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच होगा। 15 जून को इंडिया-A और श्रीलंका-A के बीच मैच खेला जाएगा। 17 जून को इंडिया-A और अफगानिस्तान-A बीच मैच होगा। 19 जून को अफगानिस्तान और श्रीलंका भिड़ेगी। 21 जून को टूर्नामेंट का फाइनल होगा।