ICC महिला टी-20 रैंकिंग: शफाली वर्मा चौथे स्थान पर पहुंची, गेंदबाजी में श्री चरणी शीर्ष पर
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आक्रामक सलामी बल्लेबाज शफाली वर्मा ने ICC महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में एक लंबी छलांग लगाई है। वह 2 स्थानों के सुधार के साथ बल्लेबाजी रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। उन्हें एशियाई खेल 2026 में किए गए शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है, जहां उन्होंने अपना पहला शतक भी जड़ा है। उन्होंने अपनी सलामी साझेदार स्मृति मंधाना और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज को भी पीछे छोड़ दिया है।
प्रदर्शन
एशिया कप से एशियाई खेलाें तक शानदार रहा है शफाली का प्रदर्शन
शफाली ने एशिया कप से एशियाई खेलों तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने एशिया कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 68 रनों की शानदार पारी खेली थी।
उसके बाद एशियाई खेल 2026 के क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ नाबाद 40 रन, सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ अपने सीमित ओवर क्रिकेट करियर का पहला शतक जड़ा।
इसी तरह फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 48 रन बनाकर भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।
सफलता
ICC रैंकिंग में शीर्ष भारतीय महिला बल्लेबाज
शफाली इस समय ICC टी-20 रैंकिंग में सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। उनके वर्तमान में 756 रेटिंग अंक है।
इस सूची में 2 और भारतीय खिलाड़ी शीर्ष 10 में शामिल हैं। सूची में मंधाना 746 रेटिंग अंकों के साथ 5वें और कप्तान हरमनप्रीत कौर 659 रेटिंग अंकों के साथ 10वें पायदान पर मौजूद हैं।
शफाली की फॉर्म इसी तरह जारी रही तो वह जल्दी ही रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर अपना कब्जा जमा लेंगी।
गेंदबाजी
गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय स्पिनरों का दबदबा
गेंदबाजी रैंकिंग की बात करें तो उसमें भारतीय स्पिनरों का दबदबा कायम है।
भारतीय स्पिनर श्री चरणी वर्तमान में 799 रेटिंग अंकों के साथ पहले पायदान पर काबिज हैं।
इसी तरह ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 729 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे पायदान पर मौजूद हैं।
गेंदबाजी की इस नवीनतम सूची में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने भी बड़ी सफलता हासिल की है। वह 5 स्थानों की छलांग लगाकर अब 24वें स्थान पर पहुंच गई हैं।