LOADING...
ICC टी-20 रैंकिंग: ईशान किशन 5वें स्थान पर पहुंचे, ऑलराउंडर में शिवम दुबे को हुआ फायदा 
ईशान किशन 5वें स्थान पर पहुंचे (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

ICC टी-20 रैंकिंग: ईशान किशन 5वें स्थान पर पहुंचे, ऑलराउंडर में शिवम दुबे को हुआ फायदा 

Feb 25, 2026
02:36 pm

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने खिलाड़ियों की रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन टी-20 में 5वीं रैंकिंग में पहुंच गए हैं। वहीं, ऑलराउंडर की रैंकिंग में शिवम दुबे को भी फायदा हुआ है। दुबे ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उम्दा बल्लेबाजी की थी। इनके अलावा जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा टी-20 के नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के सैम अयूब को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

बल्लेबाज 

बल्लेबाजों में 5वें स्थान पर पहुंचे किशन 

किशन अब 3 पायदान के फायदे के साथ 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके अब 742 रेटिंग अंक हो गए हैं। भारतीय बल्लेबाजों में उनसे आगे सिर्फ अभिषेक शर्मा हैं। टी-20 विश्व कप 2026 में अपनी फॉर्म तलाश रहे अभिषेक 877 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष स्थान पर हैं। शीर्ष-10 बल्लेबाजों में सूर्यकुमार यादव छठे और तिलक वर्मा 7वें स्थान पर हैं। तिलक को 3 पायदान का नुकसान हुआ है।

ऑलराउंडर 

दुबे ने अपने सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक हासिल किए 

दुबे ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने पिछले मैच में बल्लेबाजी में 42 रन बनाए थे और गेंदबाजी में उन्होंने 1 विकेट लिया था। ऑलराउंडर की सूची में उनके अब 216 रेटिंग अंक हो गए हैं। वह 2 पायदान के फायदे के साथ 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। जिम्बाब्वे के कप्तान रजा अब 294 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के सैम अयूब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

Advertisement

बल्लेबाजी 

बल्लेबाजी रैंकिंग में इन खिलाड़ियों को भी हुआ फायदा 

दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस शीर्ष-10 बल्लेबाजों में शामिल हुए हैं। वह 10 पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ पिछले मैच में 45 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान (4 पायदान ऊपर चढ़कर 13वें स्थान), वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (4 पायदान ऊपर चढ़कर 14वें स्थान) और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक (10 पायदान ऊपर चढ़कर 18वें) ने भी अच्छी तरक्की की है।

Advertisement

चक्रवर्ती 

शीर्ष पर बरकरार हैं वरुण चक्रवर्ती 

टी-20 में गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर बरकरार हैं। उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 विश्व कप मैच में खराब प्रदर्शन किया था। चक्रवर्ती के 790 रेटिंग अंक हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश को भी बड़ा फायदा हुआ है। दाएं हाथ के इस गेंदबाज ने UAE के खिलाफ 3 विकेट और भारत के खिलाफ 2 विकेट लिए थे।

Advertisement