LOADING...
ICC कर रही क्रिकेट कनाडा के खिलाफ मैच फिक्सिंग के आरोपों की जांच, जानिए वजह
क्या टी-20 विश्व कप 2026 में कनाडा ने की थी मैच फिक्सिंग?

ICC कर रही क्रिकेट कनाडा के खिलाफ मैच फिक्सिंग के आरोपों की जांच, जानिए वजह

लेखन Manoj Panchal
Apr 17, 2026
10:50 am

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। यह जांच भारत और श्रीलंका में आयोजित हुए ICC पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 में कनाडा द्वारा खेले गए एक मैच पर केंद्रित है। ये आरोप कनाडा के एक खोजी डॉक्यूमेंट्री कार्यक्रम 'द फिफ्थ एस्टेट' द्वारा बनाई गई फिल्म 'करप्शन, क्राइम और क्रिकेट' में सामने आए हैं।

मैच  

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच जांच के दायरे में

डॉक्यूमेंट्री में चेन्नई में खेले गए टी-20 विश्व कप मैच के दौरान कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुकाबले में संभावित गड़बड़ियों को उजागर किया गया है। इसमें न्यूजीलैंड की पारी के पांचवें ओवर पर ध्यान दिया जा रहा है, जब कप्तान दिलप्रीत बाजवा गेंदबाजी कर रहे थे। ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करने वाले बल्लेबाजी ऑलराउंडर बाजवा का प्रदर्शन कमजोर रहा था और उन्होंने ओवर की शुरुआत नो-बॉल और लेग साइड में वाइड से करते हुए कुल 15 रन दे दिए थे।

विवाद 

कोच की लीक ऑडियो से टीम चयन पर सवाल

दूसरी जांच एक लीक फोन कॉल से जुड़ी है, जिसमें कनाडा के तत्कालीन कोच खुर्रम चोहान शामिल थे। रिकॉर्डिंग में उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर राष्ट्रीय टीम के लिए कुछ खास खिलाड़ियों को चुनने का दबाव डाला गया था। लीक हुई ऑडियो में मैच फिक्सिंग की संभावित कोशिशों के संकेत भी मिले हैं। हालांकि, इन दावों को पुख्ता सबूतों के साथ साबित करना मुश्किल है।

Advertisement

जांच 

ICC ने डॉक्यूमेंट्री के आरोपों पर दी प्रतिक्रिया

डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिक्रिया देते हुए ICC की इंटीग्रिटी यूनिट के अंतरिम जनरल मैनेजर एंड्रयू एफग्रेव ने कहा कि वे इसके प्रसारण से अवगत हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मानक प्रक्रिया के अनुसार ACU इसमें लगाए गए विशेष आरोपों पर टिप्पणी नहीं कर सकती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ICC अपने सदस्यों से जुड़े प्रशासनिक मामलों को संवैधानिक प्रक्रियाओं के अनुसार संभालता है।

Advertisement

दबाव

दस्सानायके का क्रिकेट कनाडा पर मुकदमा

इस डॉक्यूमेंट्री में पूर्व कोच पबुदु दस्सानायके का भी जिक्र है, जिन्होंने दावा किया कि 2024 टी-20 विश्व कप के लिए टीम चयन में उन पर इसी तरह का दबाव डाला गया था। बोर्ड ने कथित तौर पर उन्हें कुछ खिलाड़ियों को चुनने के लिए मजबूर करने और इनकार करने पर उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की धमकी दी। इस मामले में दस्सानायके ने क्रिकेट कनाडा के खिलाफ गलत तरीके से बर्खास्त किए जाने को लेकर मुकदमा दायर किया है।

Advertisement