Page Loader
IPL 2025 में ईशान किशन का कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े
इस सीजन में किशन ने लगाया 1 शतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 में ईशान किशन का कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े

May 27, 2025
06:53 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम का इस बार खराब प्रदर्शन रहा। पैट कमिंस की कप्तानी वाली ये टीम इस बार प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। इस सीजन में SRH ने अपने 14 में से 6 मैच जीते। वहीं, SRH के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस बार नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके। उनके इस सीजन में किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

ऐसा रहा किशन का प्रदर्शन 

किशन ने इस सीजन में अपनी 13 पारियों में 35.4 की औसत और 152.58 की स्ट्राइक रेट के साथ 354 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल रहा। उन्होंने 33 चौके और 15 छक्के भी लगाए। इस बीच वह 3 पारियों में नाबाद भी रहे। वह SRH की टीम से चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। SRH में उनसे ज्यादा रन हेनरिक क्लासेन (487), ट्रेविस हेड (374) और अभिषेक शर्मा (439) ने बनाए थे।

शतक 

किसी टीम से डेब्यू करते हुए शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने किशन

किशन ने SRH से खेलते हुए अपने पहले ही मैच में RR के खिलाफ 47 गेंदों में 11 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 106 रन बनाए थे। उनकी ताबड़तोड़ शतकीय पारी के चलते ही SRH ने 286/6 का स्कोर बनाया था। आखिर में RR की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 242/6 का स्कोर ही बना सकी थी। वह किसी टीम से डेब्यू करते हुए शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में शुमार हुए थे।

नीलामी 

SRH ने नीलामी में किशन पर लगाया था बड़ा दांव 

IPL 2025 से पहले हुई बड़ी नीलामी में किशन को SRH ने 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। नीलामी में उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। बता दें कि किशन पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेले थे। वह 2018 से 2024 तक MI की ओर से खेले थे। हालांकि, उन्हें MI ने नीलामी से पहले रिलीज कर दिया था।

करियर 

ऐसा है किशन का IPL करियर 

किशन ने अपना पहला IPL मैच साल 2016 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 119 मैच खेले हैं, जिसकी 112 पारियों में 29.10 की औसत और 137.64 की स्ट्राइक रेट से 2,998 रन बनाए हैं। वह 1 शतक के अलावा 17 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। उन्होंने 288 चौके और 134 छक्के लगाए हैं। वह SRH से पहले MI और गुजरात लायंस (GL) से खेल चुके हैं।