भारत में कहां और कैसे देखें जाएंगे FIFA विश्व कप 2026 के मुकाबले?
क्या है खबर?
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने 2034 तक भारत में FIFA टूर्नामेंटों के मीडिया अधिकार हासिल कर लिए हैं। इस समझौते में 2026 और 2030 फीफा विश्व कप के अलावा 2027 FIFA महिला विश्व कप भी शामिल है। ZEE अपने टेलीविजन और डिजिटल मंचों पर कुल 39 वैश्विक फुटबॉल प्रतियोगिताओं का प्रसारण करेगा। खेल प्रसारण क्षेत्र में उठाया गया यह कदम कंपनी के सब्सक्राइबर आधार और विज्ञापन राजस्व बढ़ाने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
प्रसारण
विश्व कप 2026 से होगा आगाज
ZEE का फुटबॉल प्रसारण अभियान 11 जून से शुरू होने वाले विश्व कप 2026 के साथ शुरुआत करेगा। टूर्नामेंट के मुकाबलों का प्रसारण कंपनी के नए खेल नेटवर्क यूनाइट-8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट-8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट-8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट-8 स्पोर्ट्स 2 एचडी पर किया जाएगा। इसके अलावा दर्शक ZEE5 पर भी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे। यह कदम ZEE की खेल प्रसारण में अपनी मौजूदगी बढ़ाने और सभी मंचों से ज्यादा कमाई करने की योजना का हिस्सा है।
बयान
ZEE एंटरटेनमेंट ने कही ये बात
ZEE एंटरटेनमेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका ने इस समझौते पर खुशी जताते हुए कहा कि FIFA जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, "फुटबॉल क्षेत्र, भाषा और आयु की सीमाओं से परे लोगों को जोड़ने वाला खेल है। मीडिया अधिकार हासिल करने और समर्पित खेल चैनल शुरू करने का फैसला इस खेल की दीर्घकालिक संभावनाओं पर कंपनी के भरोसे को दर्शाता है।"
FIFA
इतने करोड़ रुपये में मिले ZEE को अधिकार
FIFA के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रोमी गाई ने भारत को युवा दर्शकों और फुटबॉल के प्रति बढ़ती रुचि वाला बेहद महत्वपूर्ण बाजार बताया। उन्होंने कहा कि ZEE का व्यापक टीवी और डिजिटल नेटवर्क देशभर में फुटबॉल की पहुंच बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। यह समझौता लंबे समय तक चली बोली प्रक्रिया के बाद हुआ है। भारत के मीडिया अधिकारों के लिए करीब 948.78 करोड़ रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में घटाकर 569.27 करोड़ रुपये कर दिया गया।