2021 में कैसा रहा है विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच का प्रदर्शन? जानें आंकड़े

विश्व के नंबर एक पुरुष टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच हाल ही में समाप्त हुए US ओपन में उपविजेता रहे थे। रूस के डेनिएल मेदवेदेव ने उन्हें फाइनल में हराया था। इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन और विंबलडन जीतने वाले जोकोविच के हाथ से कैलेंडर-ईयर ग्रैंड स्लैम जीतने का मौका भी छिटक गया। फाइनल से पहले तक वह 27 मेजर मैचों में अजेय रहे थे। आइए जानते हैं 2021 में कैसा रहा है जोकोविच का प्रदर्शन।
वर्तमान समय में चल रहे सीजन में जोकोविच के जीत-हार का रिकॉर्ड 44-6 है। उन्होंने इस साल अब तक चार खिताब जीते हैं। उन्होंने 2021 सीजन की शुरुआत रिकॉर्ड नौवें ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब को जीतकर की थी। फ्रेंच ओपन और विंबलडन जीतने के अलावा जोकोविच ने बेलग्रेड में ATP 250 टूर्नामेंट के खिताब को भी जीता था। इस खिताब के लिए उन्होंने अलेक्स मोल्केन को मात दी थी।
साल की शुरुआत में जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने दबदबे को और मजबूत किया था। उन्होंने मेदवेदेव को बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में हराते हुए रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब पर कब्जा जमाया था। यह दूसरा मौका था जब जोकोविच ने लगातार तीन साल इस खिताब को जीता। उन्होंने 2011 से 2013 के बीच भी लगातार खिताब अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में उनका परफेक्ट रिकॉर्ड बरकरार है।
मेलबर्न में चमक बिखेरने के बाद जोकोविच ने फ्रेंच ओपन का खिताब भी अपने नाम किया। उन्होंने स्टेफानोस सित्सीपास को हराते हुए अपना 19वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। दूसरी बार फ्रेंच ओपन जीतते ही वह ओपन ऐरा में चारों ग्रैंड स्लैम खिताब को दो-दो बार जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। सेमीफाइनल में राफेल नडाल को हराकर फ्रेंच ओपन जीतने वाली भी वह पहले खिलाड़ी बने हैं।
छठी बार विंबलडन का खिताब जीतकर जोकोविच ने एक और उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने 20वां ग्रैंड स्लैम जीतते हुए रोजर फेडरर और नडाल की बराबरी की थी। ओपन ऐरा में लगातार तीन बार विंबलडन का खिताब जीतने वाले जोकोविच चौथे खिलाड़ी बने थे। उन्होंने तीसरी बार किसी मेजर खिताब को लगातार तीन बार जीतने का कारनामा किया था। वह चारों ग्रैंड स्लैम में 75 या उससे अधिक मुकाबले जीत चुके हैं।