Page Loader
मिचेल मार्श का टी-20 विश्व कप के प्रत्येक संस्करण में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
मिचेल मार्श करेंगे टी-20 विश्व कप 2024 में कप्तानी (तस्वीर: एक्स/@ICC)

मिचेल मार्श का टी-20 विश्व कप के प्रत्येक संस्करण में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

May 30, 2024
07:36 pm

क्या है खबर?

आगामी 1 जून से शुरू होने वाले टी-20 विश्व कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की कप्तानी मिचेल मार्श करते हुए नजर आएंगे। मार्श पहली बार किसी ICC टूर्नामेंट में कंगारू टीम की कमान संभालेंगे। बता दें कि मार्श ने 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व किया है और 7 में जीत हासिल की है। उन्हें केवल 1 मैच में हार मिली है। इस बीच मार्श के प्रत्येक संस्करण के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

2016 

2016 में मार्श ने खेले थे सिर्फ 2 मैच 

मार्श ने 2011 में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था और उन्हें 2016 के संस्करण में पहली बार मौका मिला था। भारत में खेले गए उस संस्करण में मार्श सिर्फ 2 मैच खेल सके, जिसमें उन्होंने कुल 30 रन बनाए थे। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए मैच में 23 गेंदों पर 24 रन बनाए थे। बांग्लादेश के विरुद्ध अपने दूसरे मैच में वह सिर्फ 6 रन ही बना सके थे।

2021 

2021 में अच्छा रहा था मार्श का प्रदर्शन 

ऑस्ट्रेलिया ने 2021 में टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था। उस संस्करण में मार्श ने 5 पारियों में 61.66 की औसत और 146.82 की स्ट्राइक रेट के साथ 185 रन बनाए थे। उन्होंने फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 गेंदों पर 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 77 रन बनाए थे। उनकी पारी की बदौलत कंगारू टीम ने 18.5 ओवर में जीत के लिए मिले 173 रन के लक्ष्य को हासिल किया था।

2022

2022 में कैसा रहा मार्श का प्रदर्शन?

2022 का टी-20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में खेला गया था, जिसमें मार्श कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके थे। उन्होंने 4 पारियों में 26.50 की औसत और 130.86 की स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए थे। इस बीच 45 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। उनके स्कोर क्रमशः 16, 17, 28 और 45 रन रहे थे। उस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम दूसरे दौर से ही बाहर हो गई थी।

प्रदर्शन 

टी-20 विश्व कप में मार्श ने खेले हैं कुल 12 मैच

मार्श ने टी-20 विश्व कप के 3 संस्करण में कुल 12 मैच खेले हैं, जिसकी 11 पारियों में 35.66 की औसत और 136.01 की स्ट्राइक रेट के साथ 321 रन अपने नाम किए हैं। इस बीच उन्होंने नाबाद 77 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए हैं। इस ऑलराउंडर ने ज्यादा गेंदबाजी नहीं की है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 6 पारियों में 8.18 की इकॉनमी रेट के साथ 1 विकेट लिया है।

पोल

क्या मिचेल मार्श की कप्तानी में इस बार खिताब जीत पाएगी ऑस्ट्रेलिया की टीम?