केएल राहुल का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम आगामी 15 अगस्त से मेजबान श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज करेगी। शुभमन गिल कप्तानी में वापसी कर रहे हैं, वहीं उपकप्तान केएल राहुल श्रीलंका की परिस्थितियों का कुछ अनुभव रखने वाले सक्रिय खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 2017 में श्रीलंका में भारत की 3-0 से टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में आइए श्रीलंका के खिलाफ उनके टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ कैसा रहा है राहुल का प्रदर्शन?
राहुल ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
उन्होंने इस टीम के खिलाफ 2015 से 2017 के बीच कुल 7 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 11 पारियों में वह 32.18 की औसत और 61.03 की स्ट्राइक रेट से 354 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसमें एक शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 108 रन का रहा है।
इस दौरान वह 37 चौके और एक छक्का जड़ने में भी सफल रहे हैं।
आंकड़े
श्रीलंका की सरजमीं पर कैसा रहा है राहुल का प्रदर्शन?
राहुल ने 2015 की टेस्ट सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था, जो विराट कोहली की कप्तानी में भी पहली सीरीज थी।
उन्होंने श्रीलंका में कुल 5 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 8 पारियों में 33.50 की औसत और 60.77 की स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसमें एक शतक और 2 अर्धशतक शामिल है। उनका एकमात्र शतक श्रीलंका की सरजमीं पर ही आया है।
करियर
कैसा रहा है राहुल का टेस्ट करियर?
राहुल ने 2014 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
अपने शुरुआती कुछ वर्षों में उनका टेस्ट करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा। हालांकि, राहुल अब भारत की बल्लेबाजी पंक्ति का मुख्य आधार हैं, खासकर विदेशों में।
वह अब तक 69 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसकी 119 पारियों में 36.42 की औसत से 4,153 रन बनाए हैं। जिनमें 12 शतक और 20 अर्धशतक शामिल हैं।