Loading...
हरमनप्रीत कौर का बतौर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
हरमनप्रीत कौर का बतौर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान शानदार रहा है प्रदर्शन

हरमनप्रीत कौर का बतौर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

Oct 06, 2026
01:05 pm

क्या है खबर?

हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार (6 अक्टूबर) को सभी प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी-20) से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे अब टीम की अगुवाई नहीं करेंगी, लेकिन बतौर खिलाड़ी टीम के लिए अपना सफर जारी रखेंगी। बतौर कप्तान उनका सफर काफी शानदार रहा है और उन्होंने अपनी कप्तानी में कई एतिहासिक उपलब्धियां भी हासिल की है। आइए उनकी कप्तानी के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

बयान

हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने को लेकर क्या कहा?

हरमनप्रीत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भावुक पोस्ट के जरिए कप्तानी से इस्तीफे का ऐलान किया।

उन्होंने लिखा, 'आज, मैं सभी प्रारूपों में भारतीय टीम की कप्तान पद से हट रही हूं। यह आसान फैसला नहीं है। कप्तानी आज खत्म हो सकती है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए मेरा प्यार कभी खत्म नहीं होगा। हर उस टीम की साथी, कोच, सपोर्ट स्टाफ, प्रबंधन, BCCI, परिवार के सदस्यों और हर उस प्रशंसक का शुक्रिया जिन्होंने उतार-चढ़ाव के दौरान मेरा साथ दिया।'

रिकॉर्ड

हरमनप्रीत ने रिकॉर्ड 155 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में की टीम की कप्तानी

हरमनप्रीत क्रिकेट इतिहास की एकमात्र ऐसी खिलाड़ी (पुरुष या महिला) हैं, जिन्होंने 155 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी टीम की कप्तानी की है।

इस लंबे सफर में उन्होंने भारतीय टीम को 94 मैचों में शानदार जीत दिलाई, जबकि 54 मैचों में हार का सामना किया।

इसी तरह 7 मुकाबले टाई या बेनतीजा रहे। उनका जीत का प्रतिशत लगभग 60.64 रहा, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है।

उनकी कप्तानी में ही टीम ने छोटे प्रारूप में निडर होकर खेलना सीखा।

ADVERTISEMENT

वनडे

हरमनप्रीत ने अपनी कप्तानी में दिलाया वनडे विश्व कप का खिताब

वनडे प्रारूप में हरमनप्रीत ने भारतीय टीम को एक बेहद संतुलित और मजबूत टीम बनाया।

उन्होंने कुल 51 वनडे मैचों में कप्तानी की और 33 मैचों में जीत दर्ज की। 16 मैचों में उन्हें हार मिली और 2 मुकाबले बेनतीजा रहे। उनका जीत प्रतिशत 64.70 का रहा है।

उनकी कप्तानी का सबसे सुनहरा पल तब आया, जब उन्होंने अपनी जादुई रणनीति से भारतीय टीम को घरेलू सरजमीं पर खेले गए महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब दिलाया।

ADVERTISEMENT

टेस्ट

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने हारा केवल एक टेस्ट

महिला टेस्ट क्रिकेट के कम आयोजनों के बावजूद जब भी हरमनप्रीत को अगुवाई करने का मौका मिला, उन्होंने अपना लोहा मनवाया।

उन्होंने कुल 8 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया। इस दौरान भारत ने 4 मैचों में एकतरफा जीत दर्ज की, जबकि 3 मैच ड्रा रहे और 1 मैच में हार मिली।

लाल गेंद की क्रिकेट में उनका यह रिकॉर्ड दिखाता है कि वे खेल के पारंपरिक और सबसे कठिन प्रारूप को भी बखूबी समझती थीं।

सफलता

हरमनप्रीत को बतौर कप्तान मिली ये बड़ी सफलता

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने महाद्वीपीय स्तर पर अपना दबदबा बनाया।

उन्होंने अपनी कुशल कप्तानी के दम पर भारत को लगातार 2 बार (साल 2022 और साल 2026) एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक दिलाया।

एशियाई महाद्वीप में टीम को अजय बनाने में भी हरमनप्रीत का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने अपनी अगुवाई में भारत को 4 बार महिला एशिया कप (2012, 2016, 2022 और 2026) का खिताब जिताया।

इसी तरह भारत को पहला वनडे विश्व कप भी जिताया।

कारण

हरमनप्रीत ने क्यों छोड़ी कप्तानी?

हरमनप्रीत का यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के ठीक एक दिन बाद आया है।

गुवाहाटी में BCCI सचिव देवजीत सैकिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में टीम के भविष्य पर चर्चा हुई थी, जिसमें मुख्य कोच अमोल मजूमदार और उपकप्तान स्मृति मंधाना भी शामिल थीं।

इस बैठक के बाद ही 37 वर्षीय हरमनप्रीत ने अपने ऐतिहासिक और सफल कप्तानी युग का अंत करने का फैसला किया।

करियर

कैसा रहा है हमनप्रीत का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर?

हरमनप्रीत का अंतरराष्ट्रीय करियर भी शानदार रहा है। उन्होंने 8 टेस्ट मैचों में 304 रन हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 164 मैचों में 4,541 रन बनाए हैं।

इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 24 अर्धशतक भी जड़े हैं। टी-20 इंटरनेशनल में भी हरमनप्रीत का बल्ला खूब चला है।

उन्होंने 210 मैचों में 4,346 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। यानी तीनों प्रारूप में उनके नाम 9,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हैं।

ADVERTISEMENT