LOADING...
इंग्लैंड का महिला टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबलों में कैसा रहा है प्रदर्शन?
इंग्लैंड ने 5वीं बार महिला टी-20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है

इंग्लैंड का महिला टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबलों में कैसा रहा है प्रदर्शन?

Jul 03, 2026
05:18 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम महिला टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है। उसने 5वीं बार फाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में उसने नैट साइवर-ब्रंट और हीथर नाइट के अर्धशतकों से दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से हराया था। अब फाइनल में उसका सामना कट्टर प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम से होगा, जो 5 जुलाई को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। आइए महिला टी-20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के प्रदर्शनों पर एक नजर डालते हैं।

#1

इंग्लैंड ने पहले ही विश्व कप में जीत लिया था खिताब

इंग्लैंड ने 2009 में पहली बार खेले गए महिला टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया था। लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम को केवल 85 रन पर ऑलआउट कर दिया था। टीम के लिए गेंदबाजी में कैथरीन साइवर-ब्रंट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3/6 के आंकड़े दर्ज किए थे। जवाब में इंग्लैंड ने क्लेयर टेलर (39*) की पारी से 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

#2

इंग्लैंड को 2012 में ऑस्ट्रेलिया से मिली थी करीबी हार

इंग्लैंड ने श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित हुए विश्व कप 2012 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। कोलंबो में खेले गए खिताबी मुकाबले में उसकी टक्कर ऑस्ट्रेलिया से हुई थी। कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जेस डफिन (45) की पारी से 142/4 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में इंग्लिश टीम छोटे-छोटे प्रयासों से 138/9 का ही स्कोर बना पाई थी और उसे 4 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी थी।

Advertisement

#3

इंग्लैंड को 2014 में भी ऑस्ट्रेलिया से झेलनी पड़ी थी हार

इंग्लैंड ने बांग्लादेश की मेजबानी में आयोजित हुए विश्व कप 2014 में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। मीरपुर में खेले गए खिताबी मुकाबले में उसकी टक्कर ऑस्ट्रेलिया से ही हुई थी। इंग्लिश टीम ने ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हीथर नाइट (29) की पारी से 105/8 का सामान्य स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कंगारू टीम ने कप्तान मेग लैनिंग (44) की पारी से 15.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

Advertisement

#4

इंग्लैंड को 2018 में फिर ऑस्ट्रेलिया से खानी पड़ी थी मात

इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज की मेजबानी में आयोजित हुए विश्व कप 2018 में भी दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी मुकाबले में उसकी टक्कर फिर से ऑस्ट्रेलिया से ही हुई। इंग्लिश टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए डैनी वायट-हॉज (43) की पारी के बावजूद 105 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में कंगारू टीम ने एश्ले गार्डनर (33) की पारी से 15.1 ओवर में 2 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया था।

जानकारी

इंग्लैंड के पास होगा यह उपलब्धि हासिल करने का मौका

इंग्लैंड की टीम इस बार ऑस्ट्रेलिया से अपनी पिछली सभी खिताबी हार का बदला लेना चाहेगी। अगर, वह खिताब जीतने में सफल रहती है तो वह ऑस्ट्रेलिया (6 खिताब) के बाद एक से अधिक बार खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बन जाएगी।

Advertisement