बेन स्टोक्स का टेस्ट में कप्तान के तौर पर कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान रहे बेन स्टोक्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। वह वनडे और टी-20 से पहले ही संन्यास ले चुके थे और उन्होंने टेस्ट प्रारूप को हाल ही में अलविदा कहा। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सपन्न हुई टेस्ट सीरीज उनकी आखिरी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति रही। उन्होंने लगभग डेढ़ दशक तक इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया। इस बीच टेस्ट प्रारूप में स्टोक्स के कप्तानी के बारे में जानते हैं।
कप्तानी
स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड ने शुरुआती 10 में से 8 टेस्ट जीते
स्टोक्स को अप्रैल 2022 में टेस्ट कप्तान की जिम्मेदारी मिली थी। स्टोक्स के दौर की शुरुआत शानदार रही, क्योंकि उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने अपने पहले 10 टेस्ट मैचों में से 8 जीते। इसमें न्यूजीलैंड (घर पर) और पाकिस्तान (बाहर) को 3-0 से हराना शामिल रहा। सिर्फ इंग्लैंड के पर्सी चैपमैन और दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा (दोनों ने 9-9) ने ही अपनी कप्तानी में अपने पहले 10 टेस्ट मैचों में इससे ज्यादा मैच जीते हैं।
टेस्ट
बतौर कप्तान स्टोक्स ने जीते 24 टेस्ट
टीम के टेस्ट कप्तान के तौर पर अपने कार्यकाल में स्टोक्स ने इंग्लैंड को 44 टेस्ट मैचों में 24 जीत (18 हार) दिलाईं। क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में इंग्लिश टीम की कप्तानी करते हुए सिर्फ रूट (27) और माइकल वॉन (26) ने ही उनसे ज्यादा जीत हासिल की हैं। क्रिकइंफो के अनुसार, स्टोक्स का जीत का प्रतिशत 54.54 है, जो उन खिलाड़ियों में सबसे बेहतर है, जिन्होंने कम से कम 35 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी की है।
गेंदबाजी
इंग्लैंड की कप्तानी करते हुए सर्वाधिक विकेट
अपने आखिरी टेस्ट मैच में स्टोक्स ने कुल 6 विकेट (4/70 और 2/49) लिए। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कप्तान के तौर पर 84 विकेट लेकर अपना टेस्ट करियर खत्म किया। वह इंग्लैंड की ओर से कप्तानी करते हुए सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी रहे। इस मामले में बॉब विलिस (77) ही एकमात्र दूसरे इंग्लिश खिलाड़ी हैं, जिनके नाम 55 से ज्यादा विकेट हैं। टीम की कप्तानी करते हुए उनकी औसत 27.46 की रही।
बल्लेबाजी
बतौर कप्तान कैसी रही स्टोक्स की बल्लेबाजी?
बतौर कप्तान, स्टोक्स ने बल्ले से 31.95 की औसत से 2,301 टेस्ट रन बनाए। उन्होंने टेस्ट कप्तान के तौर पर 48 छक्के लगाए। बता दें कि स्टोक्स ने सबसे ज्यादा टेस्ट छक्के (138) लगाने वाले बल्लेबाज़ के तौर पर भी अपना सफर खत्म किया। स्टोक्स इंग्लैंड के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने एक ही टेस्ट मैच में 5 विकेट लेने और शतक जड़ने का कारनामा किया है।
करियर
ऐसा रहा स्टोक्स का टेस्ट करियर
35 साल के स्टोक्स ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 122 टेस्ट मैच खेले और इसकी 219 पारियों में 34.49 की औसत से 7,243 रन बनाए। उनके बल्ले से 14 शतक और 37 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 258 रन रहा। गेंदबाजी में उन्होंने 30.98 की औसत से 252 विकेट चटकाए। उन्होंने 9 बार 4 विकेट हॉल और 6 बार 5 विकेट हॉल लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/22 का रहा।