हांगकांग सिक्सेस: भारत पर जीत के बाद बधाई देने पर ट्रोल हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री, जानिए कैसे
क्या है खबर?
हांगकांग सिक्सेस 2026 टूर्नामेंट में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ पाकिस्तान क्रिकेट टीम की 4 विकेट से जीत के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं। यह टूर्नामेंट 6-6 ओवर का है। किसी बड़े वैश्विक या महाद्वीपीय टूर्नामेंट के बजाय एक अनौपचारिक और बेहद छोटे स्तर के टूर्नामेंट में मिली जीत पर देश के प्रधानमंत्री द्वारा सार्वजनिक बधाई देने को लेकर यूजर्स उनका खूब मजाक उड़ा रहे हैं।
बधाई
शहबाज ने कैसे दी बधाई?
पाकिस्तान की जीत के तुरंत बाद प्रधानमंत्री शहबाज ने एक्स पर अपनी खुशी जाहिर की थी।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'हांगकांग सिक्सेस 2026 के शुरुआती मुकाबले में भारत पर शानदार 4 विकेट से जीत दर्ज करने के लिए हमारे लड़कों को बहुत-बहुत बधाई। यह क्रिकेट का एक अच्छा खेल था। मैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अध्यक्ष मोहसिन नकवी और उनकी टीम को भी खिलाड़ियों को तैयार करने और उनका समर्थन करने के अथक प्रयासों के लिए बधाई देता हूं।'
मजाक
कैसे उड़ा शहबाज का मजाक?
शहबाज की पोस्ट के बाद यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लिया और तरह-तरह के तंज कसे।
एक यूजर ने लिखा, 'यह उत्साह वाकई मजेदार है। मुझे यह जानने के लिए 'हांगकांग सिक्सेस' को गूगल करना पड़ा कि आखिर यह बला क्या है। पता चला कि यह मूल रूप से एक संगठित गली क्रिकेट है। इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई। अब देश में एक हफ्ते की छुट्टी घोषित कर दो!'
एक अन्य यूजर ने शहबाज को बिना काम का प्रधानमंत्री बताया।
व्यंग
एक यूजर ने विश्व कप से बड़ी जीत बताया
एक यूजर ने व्यंग्यात्मक रूप से लिखा, 'इस धरती के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच जीतने की बधाई। यह जीत आज तक खेले गए किसी भी विश्व कप या एशिया कप से बढ़कर है।'
एक यूजर (कृष्णा आनंद) ने प्रधानमंत्री की 'ओपनिंग क्लैश' वाली बात को गलत बताते हुए लिखा, 'यह ओपनिंग क्लैश नहीं था, आप विदूषक हो! पाकिस्तान इससे 2 घंटे पहले UAE से हारा था। अब यह मत कहना कि ऐसा नहीं हुआ था।'
मुकाबला
कैसा रहा था यह मुकाबला?
टूर्नामेंट के इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 6 ओवरों में शशांक सिंह की 11 गेंदों में 40 रन की तेज पारी की बदौलत 88/5 का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में पाकिस्तान की टीम ने कप्तान अब्बास अफरीदी (8 गेंद में 35 रन) और ख्वाजा नफे (12 गेंद में नाबाद 41 रन) की ताबड़तोड़ पारियों के दम पर महज 3.5 ओवरों में ही 89 रन बनाकर 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया था।