हांगकांग सिक्सेस: भारतीय टीम का ऐलान, भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी में इन खिलाड़ियों को मिला मौका
क्या है खबर?
हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम मजबूत खिलाड़ियों के साथ उतरेगी। 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक होने वाले इस 6 खिलाड़ियों वाले टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार करेंगे। उनके साथ क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन भी भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। ये सभी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का हिस्सा थे। अब ये खिलाड़ी भारत को खिताब का दावेदार बनाएंगे।
टीम
भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ी
भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ तेज बल्लेबाजी करने वाले, हरफनमौला और बेहतरीन गेंदबाज शामिल हैं।
हांगकांग सिक्सेस तेज और रोमांचक प्रारूप है, जिसमें 6 खिलाड़ी एक टीम का हिस्सा होते हैं।
2026 का टूर्नामेंट इसलिए भी खास है क्योंकि इस बार JSW स्पोर्ट्स इसके व्यावसायिक साझेदार के तौर पर जुड़ा है।
कंपनी को भारत और दुनिया की अलग-अलग क्रिकेट लीगों और टीमों के साथ काम करने का लंबा अनुभव है। इससे टूर्नामेंट बेहतर तरीके से आयोजित होगा।
टीम
12 टीमें लेंगी हिस्सा
हांगकांग सिक्सेस में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम को ग्रुप-C में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान क्रिकेट टीम और UAE क्रिकेट टीम के साथ रखा गया है।
भुवनेश्वर ने दिसंबर 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से अपना डेब्यू किया था। इसके बाद वह भारत के लिए 3 प्रारूपों में खेल चुके हैं।
अब वह हांगकांग सिक्सेस में टीम की अगुआई करेंगे। भुवनेश्वर उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान रह चुके हैं।
संन्यास
किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने नहीं लिया है संन्यास
हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ी अभी सक्रिय हैं और किसी ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है।
इनमें से 3 खिलाड़ियों ने IPL 2026 के फाइनल मुकाबले में भी हिस्सा लिया था।
ऐसे में हांगकांग सिक्सेस के लिए चुनी गई भारतीय टीम में मौजूदा दौर के अनुभवी और टी-20 क्रिकेट में अपना दम दिखा चुके खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। क्रुणाल और भुवनेश्वर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेले थे।
मौका
सिर्फ ये 2 खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए नहीं खेले
हांगकांग सिक्सेस के लिए चुने गए 7 भारतीय खिलाड़ियों में सिर्फ तेवतिया और शशांक को अब तक भारत की सीनियर टीम से खेलने का मौका नहीं मिला है।
तेवतिया को मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
वहीं, शशांक को अब तक भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। बाकी 5 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं।
प्रारूप
ऐसा होगा टूर्नामेंट का प्रारूप
हांगकांग सिक्सेस में एक टीम में 6 खिलाड़ी होते हैं और हर पारी 6 ओवर की होती है। आमतौर पर एक गेंदबाज सिर्फ एक ओवर करता है, लेकिन विकेटकीपर को छोड़कर एक तय गेंदबाज 2 ओवर गेंदबाजी कर सकता है।
मुकाबले बेहद तेज होते हैं और बल्लेबाजों को शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने पड़ते हैं।
कम गेंदों में ज्यादा रन बनाना ही इस खेल की सबसे बड़ी खासियत है। दर्शकों के लिए भी यह प्रारूप बेहद रोमांचक होगा।