हॉकी विश्व कप 2026: भारत ने वेल्स को 3-1 से हराया, हरमनप्रीत ने किए 2 गोल
क्या है खबर?
हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय हॉकी टीम ने धमाकेदार शुरुआत की है। एम्स्टर्डम में भारत ने अपने पहले मैच में वेल्स हॉकी टीम को 3-1 से हराया। भारत की इस जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2 और संजय राणा ने एक गोल किया। दूसरी तरफ वेल्स की ओर से इकलौता गोल सैम वेल्स ने किया। अब भारत को अपने अगले मैच में 17 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ना है।
पहला हाफ
पहले हाफ में लगे 2 गोल
पहला क्वार्टर पूरी तरह से भारत के नाम रहा। अपना पहला विश्व कप मैच खेल रहे संजय ने 8वें मिनट में गोल किया।
इसके कुछ समय बाद 11वें मिनट पर हरमनप्रीत सिंह ने गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया।
पहले क्वार्टर से कुछ समय पहले भारत को पेनल्टी कॉर्नर पर एक और मौका मिला, जिस पर गोल नहीं हो सका।
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई गोल नहीं देखने को मिला।
दूसरा हाफ
रोचक रहा दूसरा हाफ
दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा देखने को मिला, दूसरी तरफ वेल्श के खिलाड़ियों ने खूब गलितयां कीं।
तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए गोल दागा।
जब मैच के खत्म होने में आखिरी 6 मिनट का समय बाकी था, तब वेल्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर भारतीय गोलकीपर मोहित ने शानदार बचाव किया। हालांकि, इसके कुछ सेकेंड बाद ही सैम वेल्स ने गोल करके अपनी टीम का खाता खोला।
जानकारी
हरमनप्रीत ने विश्व कप में किया अपना 8वां गोल
हरमनप्रीत ने हॉकी विश्व कप के इतिहास में कुल 8 गोल किए हैं। बता दें कि इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले भारतीय खिलाड़ी राजिंदर सिंह सीनियर हैं, जिन्होंने एक ही संस्करण (1982 मुंबई विश्व कप) में 12 गोल किए थे।
अंक तालिका
भारत ने पेनल्टी कॉर्नर पर किए अपने तीनों गोल
भारत को मैच में कुल 5 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिसमें से 3 गोल में तब्दील हुए।
भारत का पीसी कन्वर्जन 60 प्रतिशत रहा। दूसरी तरफ वेल्स को पूरे मैच में सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर वे गोल नहीं कर सके।
इस जीत के साथ ही पूल-D की अंक तालिका में भारतीय टीम फिलहाल पहले स्थान पर पहुंच गई है, जबकि शिकस्त झेलने वाली वेल्स चौथे स्थान पर है।