हॉकी विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने रोमांचक मैच में भारत को 4-2 से हराया
क्या है खबर?
हॉकी विश्व कप 2026 में पूल-D के मुकाबले में इंग्लैंड हॉकी टीम ने भारतीय हॉकी टीम को 4-2 से हराया। यह मौजूदा संस्करण में भारत की पहली हार साबित हुई। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किए। अब भारत को अपने अगले मैच में 19 सितंबर को पाकिस्तान हॉकी टीम से भिड़ना है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत के लिए यह मैच अहम रहने वाला है।
पहला हाफ
पहले हाफ के बाद भारत ने 2-1 से बनाई बढ़त
शुरुआत में भारत ने आक्रामकता दिखाई और मैच के 7वें मिनट में जरमनप्रीत ने मैदानी गोल करने का मौका गंवाया।
मैच के 14वें मिनट में काउंटर अटैक पर बने मौके पर निक बांडुरक ने भारतीय गोलकीपर मोहित को छकाते हुए गोल किया।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया।
इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया और पहले हाफ तक बढ़त बरकरार रखी।
दूसरा हाफ
इंग्लैंड के नाम रहा दूसरा हाफ
बढ़त बनाने के बावजूद तीसरे क्वार्टर पर भारतीय टीम रक्षात्मक रवैये के साथ नजर आई।
दूसरी तरफ लगातार आक्रामक खेलते हुए इंग्लैंड से स्टुअर्ट रशमेयर ने 39वें मिनट पर और हेनरी क्रॉफ्ट ने 44वें मिनट में गोल करते हुए बढ़त दिला दी।
चौथे क्वार्टर में मैच की समाप्ति से कुछ मिनट पहले बांडुरक ने गोल करते हुए जीत सुनिश्चित की।
भारतीय खिलाड़ियों ने कई गलतियां की और यही टीम की हार का कारण रही।
जानकारी
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 1994 से नहीं जीता है कोई विश्व कप मैच
भारत ने हॉकी विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी मैच 1994 में जीता था। ऐसे में इंग्लिश टीम ने 3 दशक से अपना वर्चस्व बरकरार रखा है।
अंक तालिका
इंग्लैंड है पूल-D में शीर्ष पर
पूल-D में भारतीय टीम ने अब तक एक मैच जीता है और एक में हार झेली है।
3 अंको के साथ भारतीय टीम तालिका में दूसरे स्थान पर है।
इस ग्रुप में इंग्लिश टीम 6 अंको के साथ शीर्ष पर मौजूद है। बता दें कि इंग्लैंड ने अपने दोनों मैच जीते हैं।
ग्रुप-D से पाकिस्तान की टीम तीसरे और वेल्स की टीम फिलहाल चौथे स्थान पर है।