भारत-जापान के ऐतिहासिक एकमात्र टी-20 मुकाबले के सभी टिकट बिके
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और जापान के बीच 22 सितंबर को होने वाला ऐतिहासिक एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है। जापान क्रिकेट संघ (JCA) ने बताया कि मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं। यह मुकाबला जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों देशों के बीच यह सीनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली भिड़ंत होगी। मैच का आयोजन भारत-जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर किया जा रहा है।
बयान
पहली बार आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
JCA ने सोशल मीडिया पर मैच के सभी टिकट बिक जाने की जानकारी साझा की।
उन्होंने लिखा, 'इस ऐतिहासिक मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं! जापान और भारत पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच पर आमने-सामने होंगे।'
यह मुकाबला 22 सितंबर को दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। इस मैच का आयोजन सुजुकी कप के तहत किया जा रहा है। इससे जापान में क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने का भी मौका मिलेगा।
मैच
'स्पोर्ट 75' पहल का हिस्सा है मुकाबला
भारत-जापान के क्रिकेट बोर्ड ने इस मुकाबले को 'स्पोर्ट 75' पहल का पहला कदम बताया।
इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल के क्षेत्र में सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ावा देना है। यह पहल भारत-जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर शुरू की गई है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि मुकाबला भारतीय टीम को नए क्षेत्र में खेलने का मौका देगा और जापान समेत पूर्वी एशिया में क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाएगा।
बयान
एशियन गेम्स में भी हो सकता है मुकाबला
भारत और जापान की महिला टीमें भी 18 सितंबर को 2026 एशियन गेम्स के क्वार्टर फाइनल में आमने-सामने होंगी।
वहीं, पुरुष टीमें भी एशियन गेम्स के दौरान फिर से भिड़ सकती हैं। (अगर जापान प्रारंभिक चरण से आगे बढ़ा)
ये मुकाबले निस्शिन शहर स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे।
BCCI के अनुसार, क्रिकेट को पारंपरिक देशों से आगे ले जाना जरूरी है और वह जापान में इस खेल को मजबूत करने के लिए JCA के साथ मिलकर काम करेंगे।