Loading...
भारत-जापान ऐतिहासिक टी-20 मैच का स्टार स्पोर्ट्स और फैनकोड पर होगा सीधा प्रसारण
भारत-जापान ऐतिहासिक टी-20 मैच के प्रसारण अधिकार तय हो गए हैं

भारत-जापान ऐतिहासिक टी-20 मैच का स्टार स्पोर्ट्स और फैनकोड पर होगा सीधा प्रसारण

Sep 08, 2026
07:40 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और जापान क्रिकेट टीम के बीच होने वाले पहले ऐतिहासिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के आधिकारिक प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकार तय हो गए हैं। स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क ने इस बहुप्रतीक्षित मैच के विशेष टेलीविजन प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं। यह मैच 22 सितंबर को सोनो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड (तोचिगी प्रिफेक्चर) में खेला जाएगा, जिसे 'सुजुकी कप' नाम दिया गया है। यह मैच एशियाई खेल 2026 से ठीक पहले एक अभ्यास मैच की भूमिका भी निभाएगा।

प्रसारण

फैनकोड पर होगी लाइव स्ट्रीमिंग, टीवी पर दिखेगा जियोस्टार का जलवा

भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के डिजिटल और टीवी दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे।

भारत में इस मुकाबले के विशेष लाइव स्ट्रीमिंग अधिकार फैनकोड ने हासिल किए हैं। दर्शक इसे फैनकोड ऐप और वेबसाइट पर लाइव देख सकेंगे।

टेलीविजन पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलावा जियोस्टार ने इस मैच के लिए राइट्स होल्डर 'आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स' के साथ साझेदारी की है।

इसके तहत जियोस्टार अपने लीनियर (केबल/सैटेलाइट) प्लेटफॉर्म्स पर इस मैच का सीधा प्रसारण करेगा।

पहल

'स्पोर्ट 75' पहल का हिस्सा है यह मुकाबला

बता दें कि यह ऐतिहासिक मैच 'स्पोर्ट 75' पहल का मुख्य हिस्सा है, जिसकी शुरुआत जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई एक बैठक के बाद की गई थी।

यह कदम 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा का भी पुरजोर समर्थन करता है।

इस ऐतिहासिक मुकाबले के वैश्विक और वाणिज्यिक वितरण की जिम्मेदारी ITW यूनिवर्स संभाल रही है। इस मुकाबले को लेकर प्रशंसको में खासा उत्साह है।

ADVERTISEMENT