LOADING...
टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड की धरती पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज 
राहुल द्रविड़ ने इंग्लैंड में कई कमाल की पारियां खेली हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड की धरती पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज 

Jun 11, 2025
05:10 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच 20 जून से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी। इंग्लैंड में टेस्ट खेलना हमेशा से भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती रहा है। इसके बावजूद कुछ भारतीय बल्लेबाजों ने वहां ऐसी पारियां खेली हैं जो इतिहास में दर्ज हो चुकी है। इन पारियों में धैर्य, तकनीक और आत्मविश्वास की मिसाल देखने को मिली है। ऐसे में आइए भारतीय बल्लेबाजों द्वारा इंग्लैंड में खेली गई सबसे बड़ी पारियों पर नजर डालते हैं।

#1

सुनील गावस्कर (221 रन) 

पहले स्थान पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने साल 1979 में द ओवल में खेले गए टेस्ट में 221 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड ने भारतीय टीम को जीत के लिए 438 रनों का लक्ष्य दिया था। गावस्कर ने 443 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 21 चौके निकले थे। गावस्कर की पारी के ही दम पर भारतीय टीम 429/8 का स्कोर बना पाई थी और वह मुकाबला ड्रॉ रहा था।

#2

राहुल द्रविड़ (217 रन) 

राहुल द्रविड़ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। साल 2002 में भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर गई थी। सीरीज का चौथा टेस्ट द ओवल में खेला गया था। इंग्लैंड ने पहली पारी में 515 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने कड़ी टक्कर देते हुए 508 रन जड़ दिए थे। द्रविड़ ने 217 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने 468 गेंदों का सामना करते हुए 28 चौके लगाए थे। ये मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।

#3

सचिन तेंदुलकर (193 रन) 

सचिन तेंदुलकर इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2002 के लीड्स टेस्ट मैच में 193 रन की जोरदार पारी खेली थी। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और तेंदुलकर ने 330 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 19 चौके और 3 छक्के निकले थे। उनके अलावा द्रविड़ (148) और सौरव गांगुली (128) ने भी शतकीय पारी खेली थी। मुकाबले को भारतीय टीम ने पारी और 46 रनों से जीता था।

#4

रवि शास्त्री (187 रन) 

पूर्व खिलाड़ी रवि शास्त्री इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 1990 के द ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 187 रन की पारी खेली थी। शास्त्री सलामी बल्लेबाज के रूप में आए थे और उन्होंने 436 गेंदों का सामना करते हुए ये पारी खेली थी। उनके बल्ले से 23 चौके निकले थे। भारत ने पहली पारी में 606/9 का स्कोर बना दिया था। ये मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।