Page Loader
हेनरिक क्लासेन ने लगाया भारत के खिलाफ पहला वनडे अर्धशतक, हासिल की ये उपलब्धियां
क्लासेन ने खेली महत्वपूर्ण पारी (तस्वीर: ट्विटर/@ProteasMenCSA)

हेनरिक क्लासेन ने लगाया भारत के खिलाफ पहला वनडे अर्धशतक, हासिल की ये उपलब्धियां

लेखन Neeraj Pandey
Oct 06, 2022
07:34 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ लखनऊ में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में शानदार अर्धशतक लगाया है। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आने वाले क्लासेन ने 52 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर क्लासेन ने परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी की और जुझारू अर्धशतक लगाया। आइए जानते हैं कैसी रही क्लासेन की पारी और कुछ अन्य जरूरी बातें।

उपलब्धि

क्लासेन ने लगाया भारत के खिलाफ पहला वनडे अर्धशतक

क्लासेन ने 65 गेंदों में 74* रनों की शानदार पारी खेली। क्लासेन की पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। यह भारत के खिलाफ उनका पहला वनडे अर्धशतक है। अब तक क्लासेन ने भारत के खिलाफ पांच वनडे मुकाबले खेले हैं। भारत के खिलाफ वह 61.33 की औसत के साथ 186 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक-रेट 100 के करीब रही है। वह दो बार नाबाद रहे हैं।

2021

2021 से अब तक क्लासेन ने लगाया पहला वनडे अर्धशतक

2021 से लेकर अब तक यह क्लासेन के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर हो गया है। भारत के खिलाफ खेली इस पारी से पहले उनका सबसे बड़ा स्कोर 43 रनों का था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 27 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली थी। इस अवधि में क्लासेन ने 11 वनडे मुकाबलों में 26.55 की औसत के साथ 239 रन बनाए हैं। 10 पारियों में वह केवल एक अर्धशतक लगा पाए हैं।

करियर

ऐसा रहा है क्लासेन का वनडे करियर

2018 में अपना वनडे डेब्यू करने वाले क्लासेन ने अब तक 28 वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने लगभग 35 की औसत और 95.18 की स्ट्राइक-रेट के साथ 732 रन बनाए हैं। क्लासेन ने अपने करियर में अब तक एक शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं। नाबाद 123 रनों की पारी क्लासेन के करियर की सर्वोच्च पारी है। उन्होंने अब तक 66 चौके और 14 छक्के लगाए हैं।