क्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए फिट हुए रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने एकमात्र टेस्ट में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ हुए एकमात्र टेस्ट में जोरदार जीत दर्ज की थी। अब शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम को 13 जून से अफगानिस्तान के विरुद्ध वनडे सीरीज में हिस्सा लेना है। इस बीच खबर है कि रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या आगामी वनडे सीरीज के लिए फिट घोषित किए गए हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
रोहित-हार्दिक को COE से मिली हरी झंडी
इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों को बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपनी फिटनेस साबित करनी थी। ये दोनों खिलाड़ी IPL 2026 के दौरान चोट से जूझते हुए नजर आए थे। BCCI के एक सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, "रोहित और हार्दिक पांड्या को जरूरी मंजूरी मिल गई है। दोनों खिलाड़ियों को खेलने की इजाजत दे दी गई है और वे अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में खेलेंगे।"
प्रदर्शन
IPL 2026 में पूरे मैच नहीं खेल सके थे रोहित और पांड्या
IPL 2026 में रोहित 9 मैचों में टीम का हिस्सा रहे। अन्य मुकाबलों में वह चोटिल (हैमस्ट्रिंग) होने के कारण नहीं खेल पाए थे। उनके बल्ले से 9 पारियों में 35.37 की औसत से 283 रन निकले। उन्होंने 2 अर्धशतकीय पारी खेली। MI की कप्तानी करते हुए पांड्या ने इस सीजन में 10 मैच खेले थे, जिसमें 22.88 की औसत और 138.25 की स्ट्राइक रेट से 206 रन बनाए थे।
टीम
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे जैसे नए खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। विराट कोहली चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।
सीरीज
13 जून से शुरू होगी वनडे सीरीज
पहला वनडे मुकाबला धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 13 जून को दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। दूसरा वनडे लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को होगा। ये मैच भी दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। सीरीज का आखिरी वनडे मुकाबला चेन्नई में 20 जून को खेला जाएगा। ये मुकाबला भी डे-नाइट (1:30 बजे) का होगा। बता दें कि वनडे सीरीज से पहले हुए एकमात्र टेस्ट में भारत ने पारी और 300 रन से जीत दर्ज की थी।