क्या बांग्लादेश ने कभी टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया को हराया है? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम 2 दशक बाद ऑस्ट्रेलिया में अपनी पहली टेस्ट सीरीज खेलने के लिए जा रही है। इस सीरीज में 2 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला टेस्ट 13 अगस्त से डार्विन में और दूसरा मुकाबला 22 अगस्त से मैके में खेला जाएगा। इससे पहले बांग्लादेश ने आखिरी बार 2003 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। दोनों टीमें अब तक 6 टेस्ट मैच खेल चुकी हैं। ऐसे में आइए टेस्ट क्रिकेट में दोनों के आमने-सामने के रिकॉर्ड पर नजर डालते हैं।
आंकड़े
कैसे रहे हैं दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े?
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहली टेस्ट सीरीज साल 2003 में खेली गई थी। उसमें मेजबान ऑस्ट्रेलिया टीम ने 2-0 से जीत हासिल की थी।
उसके बाद 2005-06 में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश का दौरा किया और दोनों मुकाबले जीत लिए।
उसके बाद 2017 में बांग्लादेश में खेली गई सीरीज में मेजबान टीम ने मीरपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 20 रन से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने चटगांव टेस्ट जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।
इतिहास
बांग्लादेश ने किस तरह दर्ज की थी मीरपुर टेस्ट में जीत?
बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली टेस्ट जीत में ऑलराउंडर शाकिब अल हसन स्टार खिलाड़ी रहे थे।
उन्होंने दोनों पारियों में 5/68 और 5/85 के आंकड़े दर्ज किए, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया 265 रनों का पीछा करते हुए 244 रनों पर ऑल आउट हो गई थी।
उससे पहले शाकिब ने पहली पारी में 84 रनों की पारी खेलकर बांग्लादेश को 260 रन के स्कोर तक पहुंचाया था।
उसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 217 रन पर सिमट गई थी।
जानकारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इन खिलाड़ियों का रहा है श्रेष्ठ प्रदर्शन
मौजूदा टीम से मुशफिकुर रहीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैचों में एक अर्धशतक सहित 39.50 के औसत से 158 रन बनाए हैं। इसी तरह ताइजुल इस्लाम ने 2 टेस्ट मैचों में 24.20 के औसत से छह विकेट अपने नाम किए हैं।