अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए हर्षित राणा भारतीय टीम से जुड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को 20 जून को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे मैच खेलना है। चेन्नई में होने वाले मैच के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हर्षित राणा को टीम में शामिल किया है। वह जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में आखिरी बार खेलते हुए नजर आए थे। वह चोट के बाद भारतीय टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं।
टीम
तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम
हर्षित ने BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है। वह चेन्नई में वनडे टीम के साथ जुड़ गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए अपडेटेड टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल, और हर्षित राणा।
राणा
राणा ने खेले हैं 14 वनडे मैच
राणा ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ मैच से अपना वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 14 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 27.38 की औसत और 6.21 की इकॉनमी रेट के साथ 26 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 39 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने भारत से 2 टेस्ट खेले और 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी प्रतिनिधित्व किया।
भारत
भारतीय टीम ने सीरीज में बनाई हुई है बढ़त
भारत ने धर्मशाला स्टेडियम में हुए पहले वनडे में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया था। उस मैच में बारिश का खलल देखने को मिला था। इसके बाद सीरीज का दूसरा वनडे इकाना स्टेडियम में खेला गया था, जिसे भारत ने 170 रन से हराया था। उस मैच में कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने शतक लगाए थे। अब सीरीज का आखिरी वनडे जीतकर मेजबान टीम क्लीन स्वीप करना चाहेगी।