LOADING...
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हुए हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती, जानिए कारण 
हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती भारतीय टीम से बाहर हो गए (फाइल तस्वीर)

इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हुए हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती, जानिए कारण 

Jul 09, 2026
10:54 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के आखिरी मुकाबलों से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ी ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हुए थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मेडिकल टीम की जांच के बाद दोनों खिलाड़ियों के अंतिम 2 टी-20 मुकाबलों से बाहर होने की पुष्टि की है।

वापसी

चोट के बाद लौटे थे वरुण 

हर्षित और वरुण की चोट भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि दोनों खिलाड़ी लंबे रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) के बाद टीम में लौटे थे। वरुण इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान बाएं पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर के बाद चोटिल हुए थे। उन्होंने चोट के बावजूद खेलना जारी रखा था, लेकिन इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज और आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाए। इंग्लैंड के खिलाफ वापसी में वह प्रभाव नहीं छोड़ सके।

तेज गेंदबाज

हर्षित ने भी की थी लंबे समय बाद वापसी 

हर्षित राणा भी लंबे समय बाद टीम में वापसी करने के बाद चोटिल हुए हैं। उनको टी-20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मुकाबले के दौरान घुटने में चोट लगी थी। इस चोट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। इसके बाद वह IPL 2026 सीजन में भी नहीं खेल पाए थे। सर्जरी के बाद लंबे समय तक चोट से उबरने की प्रक्रिया पूरी कर उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से वापसी की थी।

Advertisement

मौका

हर्षित और वरुण की जगह चौथे टी-20 में इन खिलाड़ियों को मिला मौका 

हर्षित और वरुण के बाहर होने के बाद चौथे टी-20 मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया गया। इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 0-2 से पीछे चल रही है। सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट में बारिश के कारण रद्द हुआ था। इसके बाद टीम को लगातार 2 मैच में 4 विकेट और 125 रन से हार मिली थी।

Advertisement