विल जैक्स से उलझना पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को पड़ा भारी, लगा जुर्माना
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह मामला इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले से जुड़ा है। रऊफ को ICC की आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। उनपर अनुच्छेद 2.20 के तहत कार्रवाई हुई, जो खेल भावना के विपरीत आचरण से संबंधित है।
अंक
क्यों लगा रऊफ पर जुर्माना?
जुर्माने के अलावा रऊफ के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक अवगुण अंक भी जोड़ा गया।
24 महीने के भीतर यह उनका तीसरा अपराध है, जिससे उनके कुल अवगुण अंकों की संख्या 5 हो गई है।
यह घटना पाकिस्तान की पारी में हुई। 242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम का स्कोर 9 विकेट पर 224 रन था। इसी दौरान रऊफ ने वाइड की अपील की और इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स से बहस करने लगे।
चेतावनी
चेतावनी के बाद भी रऊफ करते रहे बहस
अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद की चेतावनी के बावजूद रऊफ बहस करते रहे। इस दौरान वह अंपायर के पास से निकलकर इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स की ओर बढ़ गए।
यह घटना उस समय हुई, जब पाकिस्तान की ओर से शादाब खान 99 रन बनाकर खेल रहे थे।
शादाब ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। रऊफ और शादाब के बीच आखिरी विकेट के लिए 80 गेंदों में 89 रन जोड़े थे।
इंग्लैंड
इंग्लैंड की टीम पर भी लगा जुर्माना
इंग्लैंड की टीम पर भी निर्धारित समय में पूरे ओवर नहीं फेंकने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
समय में मिली छूट को ध्यान में रखने के बाद टीम 3 ओवर पीछे पाई गई।
ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, निर्धारित समय में एक ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इसी नियम के तहत इंग्लैंड पर यह कार्रवाई हुई।