हार्दिक की MI में कप्तानी पर खुलासा, CSK के पूर्व खिलाड़ी ने कही चौंकाने वाली बात
क्या है खबर?
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस (MI) में भविष्य को लेकर अपनी राय रखी है। उनका मानना है कि 2024 में रोहित शर्मा की जगह कप्तानी संभालने के बाद हार्दिक को लगातार हुई आलोचनाओं ने घिरा हुआ महसूस कराया होगा। MI के कप्तान के रूप में उनका कार्यकाल सवालों के घेरे में रहा है। टीम लगातार अच्छे नतीजे देने में नाकाम रही है।
बयान
रायडू ने कही ये बात
क्रिकबज पर रायडू ने कहा कि उन्हें लगता है कि MI में हार्दिक ने खुद को घिरा हुआ महसूस किया।
जब कोई खिलाड़ी ऐसा महसूस करता है तो वह लगातार अपने आसपास के माहौल को लेकर सतर्क रहता है।
ड्रेसिंग रूम में ऐसी स्थिति बनने पर खिलाड़ी कई बार वैसा व्यवहार करने लगता है, जैसा वह खुद भी नहीं करना चाहता।
रायडू के मुताबिक, उनके साथ कई चीजें सही नहीं हुईं। इसमें उनकी अपनी गलतियां भी हो सकती हैं।
खिलाड़ी
MI के लिए हार्दिक को कप्तानी नहीं करनी चाहिए- रायडू
रायडू ने अपने बयान में आगे कहा कि अगर हार्दिक MI के साथ बने रहना चाहते हैं तो उन्हें कप्तानी छोड़ देनी चाहिए।
उन्हें केवल अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए, क्रिकेट का आनंद लेना चाहिए और टीम के लिए मैच जिताने वाले खिलाड़ी की भूमिका निभानी चाहिए।
वहीं, अगर हार्दिक MI से अलग होते हैं तो उन्हें कम से कम एक संस्करण तक किसी टीम की कप्तानी नहीं करनी चाहिए।
टीम
इस टीम में जा सकते हैं हार्दिक
रायडू के मुताबिक, अगर हार्दिक MI छोड़ते हैं तो पंजाब किंग्स (PBKS) या चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) उनके लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
हालांकि, इन दोनों टीमों में उन्हें कप्तानी नहीं करनी चाहिए। वहां वह अपने क्रिकेट पर बेहतर तरीके से ध्यान दे सकेंगे।
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को लेकर रायडू ने कहा कि वहां कई जिम्मेदारियां हैं और टीम को कप्तान की भी जरूरत है। ऐसे में फिलहाल KKR की कप्तानी करना आसान नहीं होगा।
रिपोर्ट
अर्शदीप के बदले PBKS में जा सकते हैं पांड्या
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, PBKS ट्रेड के जरिए हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के समझौते के करीब पहुंच गई है।
रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली फ्रेंचाइजी की MI के साथ बातचीत काफी आगे बढ़ गई है।
इस ट्रेड के जरिए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद के MI में जाने की संभावना है।
अगर ऐसा होता है तो अर्शदीप पहली बार PBKS के अलावा किसी दूसरी टीम से खेलते दिखेंगे।