हरभजन का खुलासा, बोले- ग्रेग चैपल ने टीम में फूट डाली, खिलाड़ियों को आपस में लड़वाया
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने हाल ही में उस मुश्किल दौर को लेकर खुलकर बात की, जिससे ग्रेग चैपल के मुख्य कोच रहते भारतीय क्रिकेट टीम गुजरी थी। 2003 वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारकर उपविजेता रहने के बाद जून 2005 में चैपल को भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उन्हें सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों के साथ काम करते देखने की उम्मीद थी।
विवाद
हरभजन ने ये बड़े आरोप लगाए
हालांकि, चैपल का कार्यकाल विवादों से घिरा रहा और 2007 वनडे विश्व कप में भारतीय टीम के ग्रुप चरण से ही बाहर होने के साथ खत्म हुआ।
प्रखर गुप्ता पॉडकास्ट पर बात करते हुए हरभजन ने उस दौर को भारतीय क्रिकेट के सबसे काले दिनों में से एक बताया।
उन्होंने चैपल पर टीम के भीतर फूट डालो और राज करो की नीति अपनाने का आरोप भी लगाया। गांगुली की कप्तानी भी चैपल के कार्यकाल में गई थी।
बयान
हरभजन ने क्या कहा?
हरभजन ने कहा, "चैपल ने दादा (गांगुली) के साथ जिस तरह का व्यवहार किया और उस दौर में भारतीय टीम के साथ जो कुछ भी किया, वह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे काले और खराब अध्यायों में से एक था। उन्हें मुख्य कोच नियुक्त करना भारतीय क्रिकेट प्रबंधन के सबसे गलत फैसलों में से एक था। उन्होंने 'फूट डालो और राज करो' की नीति अपनाई। वह खुद मुखिया बने रहे और खिलाड़ियों को आपस में लड़वाते रहे।"
टीम
चैपल ने पूरी टीम को बर्बाद कर दिया- हरभजन
हरभजन ने आगे कहा, "उन्होंने पूरी टीम को बर्बाद कर दिया था। 2003 वनडे विश्व कप में जो खिलाड़ी एक साथ खेले थे और जिनके बीच शानदार तालमेल था, वे अब एक-दूसरे से बात तक नहीं करते थे। हमारी टीम सबसे मजबूत और एकजुट टीमों में से एक थी। खिलाड़ियों के बीच गहरा जुड़ाव था, लेकिन चैपल ने उस टीम को पूरी तरह तोड़कर रख दिया। उन्होंने खिलाड़ियों के बीच के आपसी तालमेल और एकता को खत्म कर दिया।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें हरभजन का वीडियो
Harbhajan Singh reveals on Prakhar's podcast Greg Chappell’s shocking conspiracy that destroyed Team India 💀
— Raya (@Raya1ry) October 21, 2026
He revealed how Chappell divided the team and destroyed it's unity, as India was the only team that could have beaten Australia back then.
Bro really played a dirty… pic.twitter.com/PpmEJmBTfD