चेतेश्वर पुजारा द्वारा बनाए अदभुत रिकॉर्ड्स पर एक नजर

भारतीय टेस्ट टीम के स्थापित बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा आज (25 जनवरी) अपना 34वां जन्मदिवस मना रहे हैं। वह हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे। भले ही पुजारा पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में चल रहे हों लेकिन उन्होंने अपने करियर में कई मौकों पर महत्वपूर्ण पारियां खेलीं हैं। इस बीच पुजारा के रिकार्ड्स और उपलब्धियों पर एक नजर डालते हैं।
पुजारा ने 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रांची में 202 रनों की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 525 गेंदों का सामना किया था और 672 मिनट का समय क्रीज पर बिताया था। इसके साथ ही पुजारा टेस्ट की एक पारी में सबसे ज़्यादा गेंदे खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने थे। पुजारा से पहले यह रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम था जिन्होंने रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ 495 गेंदों में 270 रनों की पारी खेली थी।
पुजारा ने 2013 में हैदराबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 204 रनों की पारी खेलते हुए टेस्ट में अपने 1,000 रन पूरे किए थे। 11 मैचों की 18 पारियों में यह कारनामा करते हुए वह दूसरे सबसे तेज (कम पारियों में) 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बने थे। उन्होंने सुनील गावस्कर के 11 मैचों की 21 पारियों के रिकॉर्ड को तोड़ा था। बता दें विनोद कांबले सबसे कम 14 पारियों में ये आंकड़ा छूने वाले भारतीय हैं।
पुजारा ने 2017 में सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए झारखंड के खिलाफ फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपना 12वां दोहरा शतक लगाया था। इसके साथ ही वह विजय मर्चेंट (11) को पीछे छोड़कर फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने भारतीय बल्लेबाज बने थे। पुजारा ने कर्नाटक के खिलाफ खेलते हुए अपना 13वां फर्स्ट-क्लास दोहरा शतक लगाया था। इसके अलावा पुजारा 50 फर्स्ट-क्लास शतक लगाने वाले नौवें भारतीय बल्लेबाज भी हैं।
पुजारा ने फरवरी 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के दौरान भारत के एक फर्स्ट-क्लास सीजन में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।2016-17 सीजन में पुजारा ने 13 टेस्ट की 21 पारियों में छह शतकों और 89 की औसत की बदौलत 1,605 रन बनाए थे। उन्होंने 1964-65 सीजन में चंदू बोर्डे द्वारा 21 टेस्ट की 28 पारियों में बनाए गए 1,604 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था।
धीमी बल्लेबाजी के लिए मशहूर पुजारा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2019 में सिर्फ 61 गेंदों में ही शतक लगाया था। सौराष्ट्र की ओर से खेलने वाले पुजारा ने रेलवे के खिलाफ यह कारनामा किया था। वह सौराष्ट्र की ओर से टी-20 में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होने अपनी शतकीय पारी के शुरुआती 50 रन सिर्फ 29 गेंदों में जबकि दूसरे 50 रन 32 गेंदों में बनाए थे।
100 international matches 👍
— BCCI (@BCCI) January 25, 2022
6,764 international runs 👌
18 international hundreds 💪
Here's wishing @cheteshwar1 - one of #TeamIndia's grittiest batters - a very happy birthday. 🎂 👏 pic.twitter.com/I0ZgMmf0dw
साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले पुजारा ने अब तक 95 टेस्ट में 43.87 की औसत से 6,713 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 18 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा पुजारा के नाम टेस्ट क्रिकेट में तीन दोहरे शतक हैं। 2013 में पुजारा ने अपना वनडे पर्दापण किया था, लेकिन 2014 के बाद वह वनडे नहीं खेल सके। पांच वनडे मैचों में उन्होंने 51 रन बनाए हैं।