WPL 2025: GG ने DC को हराते हुए दर्ज की अपनी चौथी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 17वें मैच में गुजरात जायंट्स (GG) ने दिल्ली कैपिटल्स(DC) ने को 5 विकेट से हराते हुए सीजन में अपनी चौथी जीत दर्ज की।
इकाना स्टेडियम में हुए मैच में DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177/5 का स्कोर बनाया। जवाब में GG के लिए हरलीन देओल (70*) और बेथ मूनी (44) ने अच्छी पारियां खेली और 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
DC की सलामी बल्लेबाज मेग लैनिंग ने 92 रन की पारी खेली। शफाली वर्मा ने उनका अच्छा साथ निभाया और उनके बल्ले से 40 रन निकले।
इन दोनों के अलावा और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। GG के लिए मेघना सिंह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
जवाब में GG को पहला झटका सिर्फ 4 रन पर लग गया था। मूनी और हरलीन के अलावा डिआंड्रा डोटिन (24) और एश्ले गार्डनर (22) ने भी अच्छी पारियां खेली।
धमाकेदार
लैनिंग की शानदार पारी पर एक नजर
लैनिंग ने 57 गेंदों का सामना किया और 92 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 15 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 161.40 की रही।
उन्होंने पहले विकेट के लिए शफाली के साथ 54 गेंदों में 83 रन जोड़ दिए।
लैनिंग के इस सीजन का यह तीसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक 8 मुकाबले खेले हैं और 37.57 की औसत से 263 रन बनाने में सफल रही हैं। उनके WPL करियर का यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।
पारी
शफाली WPL 2025 में 300 रन बनाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज
शफाली WPL 2025 में 300 रन पूरे करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी हैं।
उन्होंने 8 मैच की 8 पारियों में 42.85 की औसत 300 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 157.89 की रही है। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 80* रन रहा है।
मैच में उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों का सामना किया और 40 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 3 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 148.15 की रही।
विकेट
शिखा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली तेज गेंदबाज बनी
DC की तेज गेंदबाज शिखा पांडे WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली तेज गेंदबाज बन गईं हैं।
उन्होंने अब तक 26 मुकाबले खेले हैं। इसकी 26 पारियों में 22.23 की औसत से 30 विकेट लेने में सफल रही हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/23 का रहा है।
मैच में शिखा के नाम 2 विकेट आया। WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट सोफी एक्लेस्टोन ने लिए हैं। इस स्पिन गेंदबाज ने 24 मैच में 33 विकेट झटके हैं।
गुजरात
हरलीन की पारी पर एक नजर
GG के लिए हरलीन ने 49 गेंदों का सामना किया और 70 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 142.86 की रही।
हरलीन ने WPL 2025 में अपना पहला अर्धशतक लगाया है। यह उनके WPL करियर का दूसरा अर्धशतक है। मूनी के साथ हरलीन ने सिर्फ 57 गेंद में 85 रन की साझेदारी निभाई।
इसके अलावा उन्होंने अन्य बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां की और अपनी टीम को जीत दिलाई।
अंक तालिका
अंक तालिका पर एक नजर
यह WPL 2025 में GG की 7 मैचों के बाद चौथी जीत है। वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
DC की टीम 10 अंको के साथ शीर्ष पर है और पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।
वहीं, मुंबई इंडियंस (MI) 6 मैच में 4 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 2 जीत के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। UPW आखिरी स्थान पर है।