GT बनाम SRH: वाशिंगटन सुंदर ने जड़ा दूसरा IPL अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 56वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (50) खेली। यह उनके IPL करियर का दूसरा और SRH के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 31 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत GT की टीम शुरुआती झटको से उभरकर 168/5 का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही सुंदर की पारी और साझेदारी?
GT को पहले बल्लेबाजी करते हुए 64 रन पर तीसरा झटका लग गया था। उसके बाद सुंदर बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने संयमित बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया और कमजोर गेंदों पर बड़े शॉट खेले। उन्होंने साई सुदर्शन (61) के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन और जेसन होल्डर (11*) के साथ 40 रन की साझेदारी निभाई। वह अपनी पारी में 33 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के से 50 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
कैसा रहा है सुंदर का IPL करियर?
सुंदर ने 2017 में SRH के खिलाफ ही अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 78 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 57 पारियों में 20.69 की औसत और 134.72 की स्ट्राइक रेट से 807 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 55 रन का रहा है। इसी तरह वह 67 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 37.72 की औसत से 40 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं।