GT बनाम SRH: कगिसो रबाडा ने चटकाए 3 विकेट, बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
क्या है खबर?
गुजरात टाइटंस (GT) के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 56वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने IPL में 15वीं बार 3 विकेट चटकाने का कारनामा किया है। उनकी गेंदबाजी के कारण 169 रन का लक्ष्य लेकर उतरी SRH की टीम को शुरुआती झटके लगे और बाद में वह इससे उभर नहीं पाई। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
गेंदबाजी
कैसी रही रबाडा की गेंदबाजी?
रबाडा ने 169 रन का लक्ष्य लेकर उतरी SRH को 6 रन के कुल स्कोर पर अभिषेक शर्मा (6) के रूप में दूसरा झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उनकी घातक गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने ईशान किशन (11) और स्मरण रविचंद्रन (9) को पवेलियन की राह दिखा दी। इससे SRH टीम दबाव में आ गई। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
प्रदर्शन
IPL 2026 में संयुक्त सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
रबाडा का IPL 2026 में बेहद शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने इस सीजन में अब तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें 20.04 की औसत और 9.15 की इकॉनमी से 21 विकेट लिए हैं। इस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25 रन देकर 3 विकेट लेना रहा है। वह अब पर्पल कैप की दौड़ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के भुवनेश्वर कुमार के साथ संयुक्त रूप से पहले पायदान पर हैं। भुवनेश्वर ने भी 11 मुकाबलों में 21 विकेट झटके हैं।
करियर
कैसा रहा है रबाडा का IPL करियर?
रबाडा ने अपना पहला IPL मैच साल 2017 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेला था। उन्होंने इस लीग में अब तक 96 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 22.52 की शानदार औसत के साथ 140 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.69 की रही है। इस दौरान उन्होंने 6 बार 4 विकेट हॉल भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर 4 विकेट लेना रहा है। वह लीग में 3 ओवर मेडन फेंक चुके हैं।