Loading...
ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, जानिए उनके आंकड़े 
मैक्सवेल ने लिया संन्यास (तस्वीर: एक्स/@ICC)

ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, जानिए उनके आंकड़े 

Nov 03, 2026
08:52 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। 38 साल के इस खिलाड़ी ने पिछले साल जून में ही वनडे क्रिकेट से दूरी बना ली थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ अब उन्होंने लिस्ट-A और प्रथम श्रेणी क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। हालांकि, मैक्सवेल 2026-27 सीजन के अंत तक बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलना जारी रखेंगे।

आंकड़े 

ओमान के खिलाफ खेला अपना आखिरी मैच 

मैक्सवेल का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी में ओमान के खिलाफ था, जो ऑस्ट्रेलिया का टी-20 विश्व कप का आखिरी मैच भी था।

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 286 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 7,226 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 136 विकेट लिए हैं।

मैक्सवेल ने 130 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 154 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 2,897 रन बनाकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन किया।

बयान 

संन्यास के फैसले को लेकर क्या बोले मैक्सवेल?

मैक्सवेल ने बताया कि उनके भविष्य को लेकर बातचीत काफी समय से चल रही थी।

'द फाइनल वर्ड' पॉडकास्ट पर मैक्सवेल ने कहा, "टी-20 विश्व कप से पहले और बाद में हमने शायद कई बार इस पर चर्चा की थी और यह बातचीत काफी खुली थी। ऑस्ट्रेलिया टीम मैनेजमेंट की तरफ से मुझ पर कोई दबाव नहीं था, इसलिए हमने फैसला किया कि भविष्य के लिए रास्ते खुले रखे जाएं।"

ADVERTISEMENT

बयान 

मेलबर्न में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना चाहते थे मैक्सवेल

इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल टूर में मेलबर्न में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच होना है।

मैक्सवेल ने उम्मीद जताई थी कि उन्हें अपने घरेलू मैदान मेलबर्न में अपना अंतिम मैच खेलने का मौका मिल सकता है, लेकिन उन्होंने टीम के फैसले को पूरी तरह समझा।

उन्होंने इस बारे में कहा कि अगले 12-24 महीनों में टीम में बहुत बदलाव आने वाले हैं, क्योंकि 2028 ओलंपिक नजदीक है। टीम को युवा खिलाड़ियों को मौका देना है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय दबाव का अनुभव कराना है।

ADVERTISEMENT

करियर 

ऐसा रहा मैक्सवेल का वनडे और टेस्ट करियर 

मैक्सवेल ने अपना पहला वनडे साल 2012 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। उन्होंने 149 मुकाबलों की 136 पारियों में 33.81 की औसत और 126.70 की स्ट्राइक रेट से 3,990 रन बनाए।

उनके बल्ले से 4 शतक और 23 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 201* रन रहा। मैक्सवेल ने 77 विकेट भी लिए।

उन्होंने 7 टेस्ट की 14 पारियों में एक शतक की मदद से 339 रन बनाए। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 8 विकेट लिए

ADVERTISEMENT