महिला टी-20 विश्व कप 2026 में क्या बने रिकॉर्ड? आंकड़ों के साथ जानिए विश्लेषण
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में मेजबान इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम को 7 विकेट हराकर रिकॉर्ड 7वीं बार खिताब पर कब्जा जमाया। लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150/4 का स्कोर बनाया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए टूर्नामेंट के कुछ प्रमुख आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
हार
इंग्लैंड को घरेलू मैदान पर मिली पहली हार
फाइनल मैच के साथ ही इंग्लैंड को पहली बार घरेलू मैदान पर महिला विश्व कप (वनडे या टी-20) में हार का सामना करना पड़ा। मेजबान टीम ने इससे पहले 1973, 1993 और 2017 में वनडे खिताब जीते थे और 2009 में पहला टी-20 विश्व कप भी जीता था। रविवार की हार इंग्लैंड की घरेलू मैदान पर खेले गए महिला टी-20 विश्व कप के पिछले 12 मैचों और लॉर्ड्स में खेले गए पिछले 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पहली हार रही।
रिकॉर्ड
मूनी ने अपने नाम किए कई रिकॉर्ड्स
ऑस्ट्रेलिया बेथ मूनी ने फाइनल में अर्धशतकीय पारी (64) खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। उन्होंने दूसरी बार यह कारनामा किया है। उन्होंने 2023 में भी यह पुरस्कार जीता था। वह महिला टी-20 विश्व कप में एक से अधिक बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जीतने वाली पहली खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2020 में भी यह पुरस्कार जीता था। वह टी-20 विश्व कप फाइनल (पुरुष और महिला) में 3 बार 50+ स्कोर बनाने वाली पहली खिलाड़ी हैं।
लक्ष्य
महिला टी-20 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा
ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में 151 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया, जो महिला टी-20 विश्व कप फाइनल में लक्ष्य का सबसे बड़ा सफल पीछा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम था, जिसने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 149 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। यह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चौथा फाइनल था और सभी ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास अब 7 खिताब हैं, जबकि अन्य किसी टीम ने 2 खिताब भी नहीं जीते हैं।
रन
वायट-हॉज ने बनाए सर्वाधिक रन
इंग्लैंड की डैनी वायट-हॉज टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने 7 मैचों में 60.40 के औसत और 149.50 के स्ट्राइक रेट से 302 रन बनाए। कोई अन्य बल्लेबाज 240 रन तक भी नहीं पहुंच सका। ऑस्ट्रेलिया की मूनी 47.60 के औसत से 238 रन बनाकर दूसरे स्थान पर रहीं। हॉज और मूनी इस साल संयुक्त रूप से सबसे अधिक 3-3 बार 50 से अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं।
शतक
टूर्नामेंट में बने 3 शतक
इस विश्व कप में 3 बल्लेबाजों ने शतक जड़े। दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की तजमिन ब्रिट्स ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 114 रन की सर्वोच्च पारी खेली। श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान चमारी अट्टापट्टू (आयरलैंड के खिलाफ 106 रन) और वायट-हॉज (श्रीलंका के खिलाफ 105 रन) अन्य शतकवीर रही हैं। दक्षिण अफ्रीका की एनेरी डेर्कसन ने सबसे अधिक 6 छक्के लगाए, जबकि वायट-हॉज ने सर्वाधिक 42 चौके जड़े। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट की औसत 113.5 सर्वश्रेष्ठ रहीं।
विकेट
भारत की श्री चरणी ने चटकाए सर्वाधिक विकेट
भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 14 विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड की अमेलिया केर (15 विकेट, 2024) ही महिला टी-20 विश्व में उनसे अधिक विकेट लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिनक्स और पाकिस्तान की फातिमा सना 2026 प्रतियोगिता में 10 से अधिक विकेट लेने वाली अन्य खिलाड़ी रहीं। दोनों ने 11-11 विकेट लिए। भारत की दीप्ति शर्मा (5/10 बनाम पाकिस्तान) इस साल 5 विकेट लेने वाली एकमात्र खिलाड़ी रही हैं।
स्कोर
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड
इंग्लैंड (219/1 बनाम श्रीलंका) और ऑस्ट्रेलिया (219/6 बनाम नीदरलैंड) ने इस संस्करण में सर्वोच्च टीम स्कोर बनाए। स्कॉटलैंड के खिलाफ 200/5 रन बनाकर इंग्लैंड एकमात्र 2 बार 200 रन तक पहुंचने वाली एकमात्र टीम रही। सबसे छोटे टीम स्कोर का रिकॉर्ड बांग्लादेश (77/8 बनाम ऑस्ट्रेलिया) के नाम दर्ज हुआ। पाकिस्तान की मुनीबा अली और श्रीलंका की कौशिनी नुत्यांगना बतौर विकेटकीपर सर्वाधिक 7-7 शिकार किए। भारत की जेमिमा रोड्रिग्स (6) और स्मृति मंधाना (5) ने चार से अधिक कैच पकड़े।