Loading...
गौतम गंभीर का वैभव सूर्यवंशी पर अहम बयान, कहा- मौके के लिए अभी करना होगा इंतजार
वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान सीरीज में मौका नहीं मिला (फाइल तस्वीर)

गौतम गंभीर का वैभव सूर्यवंशी पर अहम बयान, कहा- मौके के लिए अभी करना होगा इंतजार

Sep 18, 2026
10:17 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं देने की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि इस युवा बल्लेबाज को भारत की टी-20 टीम की अंतिम एकादश में अपनी अगली बारी के लिए इंतजार करना होगा। सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार फॉर्म के साथ अफगानिस्तान सीरीज में पहुंचे थे। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने प्रदर्शन के दम पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का पुरस्कार जीता था।

तारीफ

गंभीर ने बताया क्यों दिया सूर्यवंशी की जगह संजू सैमसन को मौका 

गंभीर ने कहा, ''मुझे लगता है कि संजू सैमसन ने दिखाया है कि वह क्या करने में सक्षम हैं। कोई खिलाड़ी प्रतिभा के बिना विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' नहीं बन सकता, इसलिए उन्होंने काफी कुछ किया है। जाहिर तौर पर यह मुश्किल था। संभवतः मेरे कोचिंग करियर का सबसे कठिन फैसला उनको इंग्लैंड सीरीज से बाहर रखना था, क्योंकि उससे पहले उन्होंने जिस तरह का प्रदर्शन किया था, उसे देखते हुए यह फैसला लेना आसान नहीं था।''

खराब

3 से 4 मैच खराब होने से खिलाड़ी खराब नहीं होते- गंभीर

गंभीर ने आगे कहा, ''कई बार आप खिलाड़ियों की फॉर्म को देखते हैं। मेरे नजरिए से मैं विश्व कप के दौरान हमारे पास जो संयोजन था, उसी पर वापस जाना चाहता था। 3-4 मैचों में नाकाम रहने से खिलाड़ी खराब नहीं हो जाते। जो टीम एक विश्व कप से दूसरे विश्व कप तक अजेय रही और विश्व कप जीता, वह अचानक एक सीरीज के बाद खराब टीम नहीं बन जाती और न ही उसके खिलाड़ी खराब खिलाड़ी बन जाते हैं।''

ADVERTISEMENT

बयान

सूर्यवंशी को लेकर गंभीर ये बोले 

गंभीर ने सूर्यवंशी को लेकर कहा, ''सूर्यवंशी के नजरिए से यह बहुत स्पष्ट है कि उन्हें अपने मौके का इंतजार करना होगा। हम जानते हैं कि उनके पास किस तरह की प्रतिभा है और वह क्या कर सकते हैं, लेकिन जो खिलाड़ी कई सालों से लगातार अच्छा प्रदर्शन करता आया है, वह उस खिलाड़ी से आगे ही रहेगा, जो अभी टीम में आया है। जब सूर्यवंशी को मौका मिलेगा तो उन्हें हम लंबा मौका देंगे।"

ADVERTISEMENT

खासियत

खिलाड़ी 15 साल का हो या 30 साल का उसे इंतजार करना होगा- गंभीर

गंभीर ने सूर्यवंशी को लेकर आगे कहा, ''यही भारतीय क्रिकेट की खासियत है। हम प्रतिस्पर्धा चाहते हैं और ड्रेसिंग रूम में भी ऐसी ही प्रतिभा चाहते हैं, लेकिन कई बार क्रिकेट इसी तरह चलता है। चाहे खिलाड़ी 15 साल का हो या 30 साल का, उसे अपने मौके का इंतजार करना ही पड़ता है।''

जापान क्रिकेट टीम के खिलाफ एशियन गेम्स में सूर्यवंशी खेलते हुए नजर आ सकते हैं। वहां वीवीएस लक्ष्मण टीम के कोच होंगे।

ADVERTISEMENT