गॉल टेस्ट: मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में लिए कुल 10 विकेट, बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टेस्ट में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 165 रन से हराया। शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम में जीत के नायक मानव सुथार रहे। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने मैच में कुल 10 विकेट लिए। उन्होंने श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान 6 विकेट लिए। यह उनका दूसरे ही टेस्ट में दूसरा 5 विकेट हॉल साबित हुआ। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
मैच में शानदार रही सुथार की गेंदबाजी
सुथार ने श्रीलंका की पहली पारी के दौरान कुल 21.4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें एक मेडन के साथ 76 रन खर्च किए।
उन्होंने दिनेश चांदीमल (4) लाहिरू उदारा (27), प्रभात जयसूर्या (10) और लाहिरू उदारा (10) के विकेट लिए।
बाएं हाथ के इस स्पिनर ने मैच की आखिरी और श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान 55 रन देते हुए 6 सफलताएं हासिल की। उन्होंने 23.4 ओवर गेंदबाजी की।
रिकॉर्ड
सुथार ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
सुथार श्रीलंका में खेलते हुए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज बने हैं। वह श्रीलंका की धरती पर मैच में 10 विकेट हॉल लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं।
उनसे पहले हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन ये कारनामा कर चुके थे।
बता दें कि हरभजन ने 2008 में गॉल टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ 153 रन देते हुए 10 विकेट चटकाए थे।
अश्विन ने 2017 में इसी मैदान पर 160 रन देते हुए 10 ही विकेट लिए थे।
आंकड़े
सुथार ने दूसरे टेस्ट में ही लिया दूसरा 5 विकेट हॉल
सुथार ने जून 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में अपना डेब्यू किया था।
उस मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए थे।
उन्होंने अब तक कुल 2 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 4 पारियों में 11.35 की औसत से 17 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/33 का रहा है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
भारत ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 462 रन बनाए, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने शतक (167) लगाया।
जवाब में श्रीलंकाई पारी 284 रन ही बना सकी, जिसमें सोनल दिनुशा ने शतक (100) लगाया।
पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने वाली भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए।
आखिर में जीत के लिए मिले 372 रन के लक्ष्य को श्रीलंकाई टीम हासिल नहीं कर सकी।
दूसरी पारी में दिनुशा ने 84 रन बनाए।