गॉल टेस्ट: भारत ने जीत की ओर बढ़ाया कदम, ऐसा रहा चौथे दिन का खेल
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन जीत की ओर कदम बढ़ा दिया है। चौथी पारी में 372 रन का लक्ष्य लेकर उतरी मेजबान टीम दिन का खेल खत्म होने 84/4 के स्कोर के साथ संकट में फंसी थी। धनंजय डीसिल्वा (31*) और साेनल दिनुशा (25*) क्रिज पर हैं। श्रीलंका अभी लक्ष्य से 288 रन दूर है और भारत को जीत के लिए 6 विकेट की दरकार है।
बल्लेबाजी
193 रन पर सिमटी भारत की दूसरी पारी
इससे पहले भारत का दूसरी पारी में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और पूरी टीम 48.5 ओवर में 193 रन पर पवेलियन लौट गई।
भारत के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (66) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल (44) और केएल राहुल (35) ने उपयोगी पारियां खेली।
टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4/31 के आंकड़े दर्ज किए।
अर्धशतक
पंत ने श्रीलंका में जड़ा पहला अर्धशतक
भारत के लिख पंत ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 20वां और श्रीलंका की सरजमीं पर पहला ही अर्धशतक रहा।
वह 81/3 के स्कोर पर क्रीज पर आए थे। इसके बाद उन्होंने पडिक्कल के साथ चौथे विकेट के लिए 30 और रविंद्र जडेजा (9) के साथ छठे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी निभाई।
वह अपनी पारी में 69 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्कों से 66 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
पंत बने टेस्ट में 100 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय
पंत ने अपनी पारी का दूसरा छक्का लगाते ही टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के भी पूरे किए। वह इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं।
इसी तरह वह यह कारनामा करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं।
उनसे पहले इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (138), न्यूजीलैंड ब्रेंडन मैकुलम (107) और ऑस्ट्रेलिया एडम गिलक्रिस्ट (100) ही ऐसा कर पाए हैं।
पंत टेस्ट में छक्कों का शतक पूरा करने वाले गिलक्रिस्ट के बाद केवल दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
जानकारी
पंत ने सबसे तेज पूरा किया छक्कों का शतक
पंत टेस्ट में सबसे तेज छक्कों का शतक पूरा करने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 51 मैचों और 89 पारियों यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने इस मामले में गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 130 पारियों में ऐसा किया था।
उपलब्धि
पडिक्कल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पूरे किए 4,000 रन
दूसरी पारी में पडिक्कल ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। पारी का 33वां रन बनाते ही उनके प्रथम श्रेणी में 4,000 रन पूरे हो गए।
उनके अब 57 प्रथम श्रेणी मुकाबलों की 95 पारियों में 43+ की औसत से 4,011 रन हो गए हैं। इसमें 10 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 232 रन का रहा है।
वह भारत के लिए 3 टेस्ट की 5 पारियों में 60.20 की औसत से 301 रन बना चुके हैं।
उपलब्धि
पडिक्कल ने गॉल टेस्ट में हासिल की ये अन्य उपलब्धियां
पडिक्कल श्रीलंका में टेस्ट में 200+ रन बनाने वाले तीसरे मेहमान नंबर-3 बल्लेबाज हैं।
उनसे पहले न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (2003 और 1998 में) और बांग्लादेश के मोहम्मद अशरफुल (2013 में) ही ऐसा कर पाए थे।
वह 21वीं सदी में भारत के लिए टेस्ट नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज बने हैं।
श्रीलंका में उनसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर वीरेंद्र सहवाग (201*), सचिन तेंदुलकर (203) और शिखर धवन (190) के नाम ही दर्ज है।
झटका
चांदीमल चोट के कारण गॉल टेस्ट से हुए बाहर
चौथे दिन मेजबान श्रीलंका को बड़ा झटका लगा। टीम के अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल कन्कशन (सिर/आंख की गंभीर चोट) के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए।
उनकी जगह 26 वर्षीय युवा खिलाड़ी पासिंदु सूरियाबंदारा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर टीम में शामिल किया गया।
उन्हें भारतीय पारी के दौरान फील्डिंग करते समय चौका बचाने के लिए डाइव लगाने के कारण दाहिने कंधे और गर्दन में चोट लग गई थी।
बाद में उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।