Loading...
गॉल टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल ने खेली 167 रन की पारी, बनाए ये रिकॉर्ड्स
देवदत्त पडिक्कल ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

गॉल टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल ने खेली 167 रन की पारी, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Aug 16, 2026
04:39 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के देवदत्त पडिक्कल ने बड़ा शतक (167) लगाया। वह दूसरे दिन के दूसरे सत्र में विपक्षी स्पिनर प्रभात जयसूर्या का शिकार बने। उनके इस बड़े शतक की मदद से भारत ने दूसरे दिन के दूसरे सत्र की समाप्ति तक 364/5 का स्कोर बनाया। इस बेहतरीन पारी से पडिक्कल ने अपने चयन को सही साबित किया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

पडिक्कल ने अपना पहला टेस्ट शतक लगाया 

पडिक्कल पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 131 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद थे।

उन्होंने दूसरे दिन अपने निजी स्कोर में 36 रन और जोड़े।

वह 230 गेंदों में 167 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल था।

अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर 162 रन की साझेदारी की। वहीं, राहुल शतक बनाने से चूक गए और 82 रन बनाकर आउट हुए।

मुकाम 

इस सूची में शामिल हुए पडिक्कल

पडिक्कल श्रीलंका के खिलाफ नंबर-3 पर खेलते हुए 150 से ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं।

उनसे पहले राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा ऐसा कर चुके थे।

पूर्व भारतीय कप्तान द्रविड़ ने 2009 में नंबर-3 पर खेलते हुए अहमदाबाद टेस्ट में 177 रन की पारी खेली थी।

वहीं, पुजारा ने 2017 में 153 रन बनाए थे। उन्होंने ये पारी गॉल के ही मैदान पर खेली थी।

ADVERTISEMENT

मुकाम 

नंबर-3 पर खेलते हुए शतक लगाकर हासिल किए ये मुकाम

नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट में शतक लगाने वाले आखिरी भारतीय शुभमन गिल थे, जिन्होंने सितंबर 2024 में चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।

पडिक्कल 21वीं सदी में भारत के लिए नंबर-3 पर खेलते हुए टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं।

उनसे पहले पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने 2002 में दिल्ली में जिम्बाब्वे के खिलाफ 136 रन बनाए थे।

ADVERTISEMENT

करियर 

ऐसा है पडिक्कल का टेस्ट करियर 

पडिक्कल ने 2024 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

उन्होंने अब तक 3 टेस्ट की 4 पारियों में उन्होंने 64.25 की औसत से 257 रन बनाए है। उन्होंने एक शतक के अलावा एक अर्धशतक भी लगाया है।

पडिक्कल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 57 मैच खेले हैं, जिसकी 84 पारियों में लगभग 45 की औसत के साथ 3,950 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 10 शतक लगाए हैं।

ADVERTISEMENT