पाकिस्तान के पूर्व कोच जेसन गिलेस्पी का खुलासा, कहा- PCB पर बकाया हैं हजारों डॉलर
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज और पाकिस्तान टेस्ट टीम के पूर्व मुख्य कोच जेसन गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की चयन समिति के प्रमुख आकिब जावेद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने PCB में फैले अराजक माहौल को उजागर करते हुए आरोप लगाया है कि PCB ने अभी तक उनकी मेहनत का पूरा पैसा भी नहीं चुकाया है। उन्होंने बताया कि आकिब की नियुक्ति के बाद से उनके आत्मसम्मान को काफी ठेस पहुंची थी।
बयान
गिलेस्पी ने क्या लगाए आरोप?
द टेलीग्राफ को दिए इंटरव्यू में गिलेस्पी ने खुलासा किया, "PCB को अभी भी मुझे हजारों डॉलर देने हैं, लेकिन मैं कभी भी 'हां में हां' मिलाने वाला इंसान नहीं बनने वाला था। मैं अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करने वाला था। मैंने अपने पूरे करियर में ऐसा कभी नहीं किया।"
उन्होंने कहा, "मैं शांत रह सकता था, हर बात पर सहमत हो सकता था और अपना वेतन घर ले जा सकता था, लेकिन वह मैंने वैसा नहीं किया।"
आरोप
आकिब पर लगाया अपमानित करने का आरोप
गिलेस्पी ने बताया कि आकिब के आने के बाद टीम में उनकी भूमिका को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया था।
उन्होंने कहा, "मेरे साथ पूरी तरह से अनादर किया गया और मुझे कमजोर किया गया। मैं इसका सीधा जिम्मेदार आकिब जावेद को मानता हूं। हमारी पहली मुलाकात में वे अहंकार, झांसे और धौंस के साथ आए थे, यह दिखाने के लिए कि वे ही कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें यही करने की जरूरत है।"
परेशान
आकिब ने बार-बार किया परेशान
गिलेस्पी ने कहा, "मैंने उनकी कुछ टिप्पणियों का विरोध किया। मुझे बस उसी पल लग गया था कि यह काम नहीं करेगा क्योंकि वे तय कर चुके थे कि उन्हें क्या करना है।"
उन्होंने कहा, "मैं थक चुका था कि वे मेरे बारे में लगातार नकारात्मक बातें कर रहे थे। पाकिस्तान क्रिकेट में लोगों ने मुझे बताया कि आकिब मेरी पीठ पीछे जहर उगल रहे थे। उसके बाद मैने कानूनी कार्रवाई करने पर विचार करना शुरू कर दिया था।"
दावा
"आकिब के रहने तक पाकिस्तान क्रिकेट पीछे ही जाएगा"
गिलेस्पी ने कहा, "आकिब अभी भी चयनकर्ताओं के अध्यक्ष हैं। उन्होंने अपनी नौकरी बचाए रखी है। उन्होंने गैरी कर्स्टन और मुझ पर निशाना साधा है और पाकिस्तान क्रिकेट जहां है, उसके लिए हमें दोषी ठहराया है। हम तो वहां 2 साल भी नहीं रहे, लेकिन वहां वर्तमान हालत खराब है। यह एक कचरा बन चुका है। इसके पीछे आकिब जावेद हैं। वे ही समस्या हैं और जब तक वे वहां हैं, पाकिस्तान क्रिकेट लगातार पीछे की ओर जाता रहेगा।"