हैरी ब्रूक की कप्तानी पर इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर का अहम बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और जाने-माने कमेंटेटर जोनाथन एगन्यू ने हैरी ब्रूक की कप्तानी पर अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ब्रूक में सीमित ओवरों की कप्तानी के लिए चतुराई जरूर है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट जैसे लंबे प्रारूप में टीम की कमान संभालने के लिए आवश्यक परिपक्वता की अभी कमी है। यह बयान पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले (लीड्स) में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दौरान आया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।
तुलना
केविन पीटरसन और डेविड गॉवर से की तुलना
एगन्यू ने ब्रूक को एक दुर्लभ और अद्भुत प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताया।
उन्होंने ब्रूक की तुलना इंग्लैंड के इतिहास के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों केविन पीटरसन और डेविड गॉवर से करते हुए कहा कि अगर वे इसी तरह खेलते रहे तो अपने टेस्ट करियर में जमकर रन बनाएंगे।
हालांकि, उन्होंने ब्रूक की लापरवाही से विकेट फेंकने की आदत पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाह बल्लेबाजी से ब्रूक अपनी महान प्रतिभा को बर्बाद कर सकते हैं।
कप्तानी
एगन्यू ने कप्तानी पर क्या दिया बयान?
एगन्यू ने कहा कि टेस्ट कप्तानी केवल मैदान पर फैसले लेने तक सीमित नहीं है। इसमें देश का प्रतिनिधित्व करना और दुनिया भर के संवेदनशील मुद्दों (जैसे हाल ही में जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान से जुड़े मामले) पर जिम्मेदारी से बात करना शामिल होता है।
ब्रूक ने अभी तक इस स्तर की परिपक्वता नहीं दिखाई है। यही वजह है कि बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में जो रूट को दोबारा कप्तानी सौंपने के अलावा चयनकर्ताओं के पास कोई विकल्प नहीं था।
मौका
भविष्य के लिए ब्रूक के पास होगा मौका
रिपोर्ट के मुताबिक, रूट का कप्तान के रूप में दूसरा कार्यकाल बहुत लंबा नहीं होगा। संभवतः अगले साल (2027) होने वाली एशेज सीरीज तक ही रहेगा।
ऐसे में ब्रूक के पास अपनी बल्लेबाजी और व्यवहार से खुद को अगला स्वाभाविक उत्तराधिकारी साबित करने का पूरा मौका है।
हालांकि, एगन्यू ने चेताया कि जैकब बेथेल जैसे युवा खिलाड़ी, जिन्हें एक अच्छे लीडर के रूप में देखा जा रहा है, वे भी इस रेस में आगे निकल सकते हैं।