LOADING...
वैभव सूर्यवंशी की सचिन तेंदुलकर से तुलना पर पूर्व क्रिकेटर का अहम बयान, जानिए क्या कहा
वैभव सूर्यवंशी की सचिन तेंदुलकर से तुलना शुरू हो चुकी है

वैभव सूर्यवंशी की सचिन तेंदुलकर से तुलना पर पूर्व क्रिकेटर का अहम बयान, जानिए क्या कहा

Jun 19, 2026
01:57 pm

क्या है खबर?

वैभव सूर्यवंशी अभी महज 15 साल के हैं और उन्होंने अभी तक भारतीय टीम के लिए डेब्यू भी नहीं किया है, लेकिन उनकी तुलना महान सचिन तेंदुलकर से शुरू हो चुकी है। वह हाल ही में सचिन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारतीय क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। हालांकि, उनकी सचिन से तुलना पर पूर्व विश्व विजेता क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने अहम बयान दिया है। जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

बयान

वैभव हैं भगवान के पुत्र- श्रीकांत

श्रीकांत ने समाचार एजेंसी PTI से कहा, "सचिन और सूर्यवंशी की तुलना न करें। सचिन क्रिकेट के भगवान हैं और वैभव सूर्यवंशी, मेरा मानना ​​है कि भगवान के पुत्र हैं। इसे ऐसे ही समझिए। सचिन को छोड़ दीजिए। कोई उनके आसपास भी नहीं आ सकता।" बता दें कि सूर्यवंशी अगर आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर डेब्यू करते हैं, तो वह तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए भारतीय टीम में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे।

प्रोत्साहन

श्रीकांत ने कही वैभव को प्रोत्साहन देने की बात

श्रीकांत ने कहा, "वैभव को बहुत समय चाहिए। उसे खूब प्रोत्साहन दीजिए। वह ऐसा खिलाड़ी है जो अकेले दम पर मैच जिता सकता है। मेरा मानना ​​है कि उसे बहुत लंबा मौका दिया जाना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि आपको उसके साथ छेड़छाड़ करनी चाहिए।" उन्होंने आगे कहा, "आइए हम सब मिलकर वैभव को खूबसूरती से तराशें। आप उसे पर्याप्त मौके देते हैं और अच्छी तरह से तैयार करते हैं, तो वह भारतीय क्रिकेट के लिए असाधारण खिलाड़ी साबित होगा।"

Advertisement

रिजर्व

इंग्लैंड सीरीज के लिए वैभव को रिजर्व में रहने दें- श्रीकांत

श्रीकांत ने कहा, "इंग्लैंड सीरीज के लिए वैभव को रिजर्व में रहने दें। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट है। मेरा मानना ​​है कि उसे टीम के साथ रहना चाहिए, भले ही उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह न मिले क्योंकि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा खेल रहे हैं, वे निश्चित रूप से टीम में रहेंगे।" उन्होंने कहा, "यह अग्निपरीक्षा है। उसे बस खेलने दीजिए। आपको उस पर ज्यादा दबाव डालने की जरूरत नहीं है। उसे अपना स्वाभाविक खेल खेलने के मौके मिलने दो।"

Advertisement

भविष्य

भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं वैभव- श्रीकांत

श्रीकांत ने आगे कहा, "मैं आपको स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि वैभव भारतीय क्रिकेट का भविष्य है। मुझे लगता है कि वह अद्भुत है। उसके पास शानदार शॉट लगाने की क्षमता है, अद्भुत दृष्टि है और अद्भुत प्रतिक्रियाएं हैं। मुझे लगता है कि वह लड़का भारत के भविष्य के लिए बहुत ही शानदार है।" बता दें कि वैभव ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया था।

Advertisement