वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग में भेजने को लेकर पूर्व क्रिकेट ने दिया अहम बयान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे टी-20 में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली। इससे पहले दूसरे मैच में उन्हें नंबर-3 पर भेजा गया था, लेकिन वह 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। उन्हें ओपनिंग में भेजे जाने को लेकर पूर्व बल्लेबाज सदगोपन रमेश ने इस निर्णय की तुलना सूर्यवंशी को चॉकलेट देने से की है।
बयान
रमेश ने क्या दिया बयान?
रमेश ने सूर्यवंशी को ओपनिंग में भेजे जाने को लेकर एक वीडियो में कहा, "टीम प्रबंधन ने जब वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग में भेजा, तो यह उनके लिए किसी चॉकलेट की तरह था। वह मैदान पर उस छोटे बच्चे की तरह बेखौफ होकर खेले, जिसे शुक्रवार की शाम को यह पता हो कि अगले 2 दिन स्कूल की छुट्टी है और दिमाग में कोई बोझ नहीं है।"
उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी ने अपने पसंदीदा स्थान पर बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की।
तारीफ
रमेश ने की अभिषेक शर्मा की भी तारीफ
रमेश ने अभिषेक शर्मा (113) की भी जमकर तारीफ की। उनकी पारी से भारत ने शुरुआती 7 ओवरों में ही 133 रन बना दिए थे।
रमेश ने कहा, "अभिषेक शर्मा इस समय ऐसे बल्लेबाजी कर रहे हैं कि गेंदबाज सिर्फ उनका नाम सुनकर ही खौफ खा जाएं। उन्होंने आज एक राक्षस की तरह बल्लेबाजी की। हालांकि, दिवाली में अभी समय है, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों, खासकर अभिषेक ने अपने बल्ले से 1,000 और 10,000 रुपये वाले पटाखे फोड़े हैं।"
तारीफ
कप्तान श्रेयस ने भी की जमकर तारीफ
न्यूजीलैंड के 198/3 के मजबूत लक्ष्य को भारत ने 13.2 ओवरों में 40 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
इस पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "यह बिल्कुल आश्चर्यजनक था। उन्होंने जिस तरह स्ट्रोक्स खेले, वह आंखों को सुकून देने वाला था। जब संजू सैमसन और मैं बाद में बल्लेबाजी करने उतरे, तो गेंद सीम हो रही थी। मैं सोच में पड़ गया कि इन दोनों (अभिषेक और वैभव) ने ऐसा खेल कैसे दिखाया? यह दिमाग घुमा देने वाला था।"
मुकाबला
भारत ने किस तरह दर्ज की जीत?
मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा नाबाद 89 रन बनाए। वहीं, फिन एलन के बल्ले से 25 गेंदों में 40 रन निकले।
जवाब में सूर्यवंशी (45) और अभिषेक (113) ने धमाकेदार पारियां खेलकर पूरा मैच ही पलट दिया।
दोनों ने पहले विकेट के लिए 42 गेंदों में 133 रन की साझेदारी निभाई और भारत को एक आसान जीत मिल गई।