मोहम्मद सिराज को बाहर करने के विवाद में पूर्व क्रिकेटर ने किया गौतम गंभीर का बचाव
क्या है खबर?
वेलिंगटन में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने के बाद छिड़ा विवाद अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा टीम चयन में धार्मिक भेदभाव के आरोप लगाए जाने पर भारत के पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। वासन ने मुख्य कोच गौतम गंभीर का बचाव करते हुए स्पष्ट किया कि वे सांप्रदायिक नहीं हैं।
आरोप
क्या था कांग्रेस सांसद मसूद का आरोप?
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कांग्रेस सांसद मसूद ने सिराज के चयन न होने पर धर्म का एंगल जोड़ा था।
मसूद ने कहा था, "कहा जा रहा है कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई। उनका नाम 'सिराज' है और इसी वजह से उन्हें जगह नहीं दी गई।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर आप अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उनका चयन नहीं कर रहे हैं, तो भेदभाव साफ दिखाई देता है।"
बचाव
वासन ने कैसे किया गंभीर का बचाव?
वासन ने ANI से मसूद के बयान को खारिज करते हुए कहा, "खेल के फैसलों को राजनीतिक या धार्मिक मुद्दा बनाना देश के खेल संस्थानों का अपमान है। यह सांप्रदायिक एंगल, मैं इससे पूरी तरह असहमत हूं। गौतम गंभीर एक मजबूत व्यक्तित्व वाले इंसान हैं, लेकिन वे सांप्रदायिक नहीं हैं, इसलिए मुझे लगता है कि यह पूरी तरह गलत है। इस पर ठीक से चर्चा होनी चाहिए। यह हमारे सभी खेलों और भारत के संस्थानों के मुंह पर तमाचा है।"
स्पष्ट
खेल में धर्म की कोई जगह नहीं- वासन
वासन ने कहा, "जब आप जानते हैं कि खेल में धर्म की कोई जगह नहीं है, तो मुझे लगता है कि ये आरोप-प्रत्यारोप और इसे राजनीतिक मुद्दा बनाना बहुत गलत बात है। यह थोड़ा दुखद और आहत करने वाला लगता है। मुझे लगता है कि सभी खिलाड़ी और खुद सिराज सोच रहे होंगे कि इस मुद्दे को घसीटना अनावश्यक है। यह एक अच्छी टीम और सामूहिक रूप से हम भारतीयों के लिए अच्छा नहीं है। इसे यहीं खत्म करना चाहिए।"
पक्ष
सिराज को बाहर करने पर क्या बोले वासन?
वासन ने आगे कहा, "सिराज को बाहर करने का फैसला टीम के कोच और प्रबंधन ने लिया है। मैं इसका समर्थन करता हूं, लेकिन यह सही है या गलत, अपने क्रिकेट अनुभव से मुझे यह समझ नहीं आ रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "सिराज जैसे गेंदबाज ने इतने मैच खेले हैं और उन्हें बाहर बिठाने का मतलब है कि कोई चोट की समस्या रही होगी, लेकिन अगर उन्हें चोट नहीं लगी है, तो उन्हें बाहर रखना एक बड़ी भूल थी।"