ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तानों की विदेश मंत्री से अपील, इमरान खान मर जाएंगे जल्द दखल दें
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के 7 पूर्व कप्तानों ने ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग को पत्र लिखकर पाकिस्तान में इमरान खान की हिरासत को लेकर मानवीय चिंताएं जताई। पत्र पर एलन बॉर्डर, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, किम ह्यूज, मार्क टेलर और स्टीव वॉ के हस्ताक्षर हैं। पूर्व कप्तानों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह पत्र राजनयिक या राजनीतिक हस्तियों के तौर पर नहीं, बल्कि पूर्व कप्तानों के रूप में लिखा है, जिन्हें इस मामले पर आवाज उठाना जरूरी लगा।
बयान
इस कारण सभी कप्तानों ने की अपील
जब हिंदुस्तान टाइम्स ने चैपल से पूछा गया कि सातों पूर्व कप्तानों ने इमरान के लिए एक बार फिर अपील क्यों की, तो उन्होंने कहा, "हमें चिंता है कि वह जेल में मर जाएंगे।"
कप्तानों ने कहा कि उनकी चिंता हिरासत में रखे गए किसी भी व्यक्ति के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर है। उन्होंने इसे राजनीति से परे बुनियादी मानवीय संवेदना का विषय बताया है।
चैपल ने वोंग से मिलने का वक्त भी मांगा है।
अपील
पहले भी हो चुकी है अपील
इमरान के समर्थन में यह पूर्व खिलाड़ियों की ओर से की गई ताजा अपील है।
इससे पहले दुनिया के 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने 23 अगस्त को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखा था।
उन्होंने इमरान के लिए बेहतर चिकित्सा उपचार की मांग की थी।
पूर्व कप्तानों का कहना था कि मौजूदा उपचार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश से कमतर है। उस पत्र में 3 विशेष मांगें रखी गई थीं।
पत्र
पत्र में क्या लिखा हुआ है?
पत्र में लिखा है, 'विश्वसनीय रिपोर्टों के अलावा उनके बेटे और बहनें भी महीनों से हिरासत में उनके स्वास्थ्य और इलाज को लेकर सार्वजनिक रूप से गुहार लगा रहे हैं। उनकी चिंताओं में सीमित चिकित्सा सुविधा, परिवार से सीमित संपर्क और कानूनी सलाह तक बेहद कम पहुंच शामिल है। हम उनके खिलाफ राजनीतिक मामले पर कोई रुख नहीं रखते। यह पाकिस्तान का मामला है। लेकिन हिरासत में किसी व्यक्ति के साथ व्यवहार राजनीति से परे बुनियादी मानवता का विषय है।'
अंत
पत्र में लिखी हुईं अन्य बातें
पत्र के अंत में लिखा गया, 'यह पहली बार नहीं है जब अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने इस चिंता को उठाया है। पिछले 6 महीनों में 2 अलग-अलग मौकों पर इसे सार्वजनिक किया गया है और उसके बाद आई रिपोर्ट, जिन्हें अब उनके परिवार ने भी दोहराया है बताती हैं कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। हम आभारी होंगे यदि ऑस्ट्रेलियाई सरकार इस मुद्दे को संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों के सामने सीधे उठाए। चैपल ने आपसे मुलाकात का अनुरोध भी किया है।'