WWE: वर्तमान समय में WWE में फाइट कर रही सबसे कम उम्र की 5 महिला रेसलर्स

पिछले 3-4 सालों में WWE में महिलाओं के लिए काफी काम किया गया है और इसी वजह से काफी नई महिला रेसलर्स सामने आई हैं। कई सारी महिला रेसलर्स को बिना किसी रेसलिंग अनुभव के भी कंपनी ने साइन किया है। WWE ने बीते कुछ वर्षों में कई युवा महिला रेसलर्स को साइन किया है जो अब अपनी पहचान बना चुकी हैं। जानिए वर्तमान समय में WWE में फाइट कर रही सबसे कम उम्र की महिला रेसलर्स के बारे में।
टायनारा कोंटी वर्तमान समय में WWE में फाइट कर रहीं सबसे युवा महिला रेसलर हैं। जूडो में ब्लैक बेल्ट कोंटी को मात्र 22 साल की उम्र में ही WWE ने साइन कर लिया था। मूलतः ब्राज़ील की रहने वाली कोंटी WWE में आने वाली पहली ब्राज़ीली महिला रेसलर हैं। वर्तमान समय में कोंटी WWE के NXT ब्रांड पर फाइट करती हैं और उनमें महान महिला रेसलर बनने के सारे गुण हैं।
कनाडा में जन्मी अल अरीबी को WWE ने 2015 में साइन किया था। WWE में उन्हें आलियाह के नाम से जाना जाता है। 2013 में मात्र 19 साल की उम्र में आलियाह ने अपना प्रोफेशनल रेसलिंग डेब्यू किया था। पिछले चार सालों से रेसलिंग कर रही आलियाह ने नर्सिंग में करियर बनाने का सपना देखा था और उन्होंने सर्कस ट्रेनिंग स्कूल भी अटेंड किया था। जनवरी में कार्मेला के खिलाफ एक मैच में उन्हें मेन रोस्टर पर उतारा गया था।
1994 में जन्मी स्टेफनी नेवेल वेल्श की प्रोफेशनल रेसलर हैं। 2017 में नेवेल को WWE ने साइन किया था। उन्होंने कई टीमों के लिए फुटबॉल खेला था और कार्डिफ सिटी तथा वेल्श नेशनल टीम के लिए ट्रॉयल भी दिए थे। घुटने में चोट लगने की वजह से उन्हें फुटबॉल छोड़ना पड़ा और फिर 2013 में उन्होंने प्रोफेशनल रेसलिंग डेब्यू किया। फिलहाल नेवेल NXT पर परफॉर्म कर रही हैं और जल्द ही हम उन्हें मेन रोस्टर पर देख सकते हैं।
कुछ साल पहले लिव मोर्गन पूर्व WWE सुपरस्टार एंजो अमोरे से मिली थीं और अमोरे ने ही उन्हें WWE में आने में मदद की थी। चार साल पहले जब WWE ने मोर्गन को साइन किया था तब वह कंपनी की सबसे युवा स्टार्स में से एक थीं। इन चार सालों में कड़ी मेहनत करके मोर्गन WWE के रॉ ब्रांड पर आ चुकी हैं। NXT सुपरस्टार रहने से रॉ पर पहुंचने तक मोर्गन ने काफी कड़ी मेहनत की है।
साराह लोगन पहली बार 2014-15 में द मिज की मेकअप आर्टिस्ट के रूप में WWE में आई थीं। 2016 में पहली बार साराह ने WWE के साथ प्रोफेशनल रेसलिंग कॉन्ट्रैक्ट साइन किया। NXT में काफी फाइट लड़ने के बाद उन्हें 2018 सुपरस्टार शेकअप के दौरान रॉ पर जाने का मौका मिला। 2011 में प्रोफेशनल रेसलिंग डेब्यू करने वाली साराह ने मात्र सात साल में काफी ज़्यादा प्रगति की है। मेन रोस्टर पर भी वह अपनी छाप छोड़ सकती हैं।