
#महिलादिवस: मेसी और रोनाल्डो से कहीं बेहतर हैं ये महिला फुटबॉलर्स, जानें
क्या है खबर?
फुटबॉल की बात आती है तो लोगों के दिमाग में लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम घूमने लगता है।
हालांकि, फुटबॉल में कुछ महिलाओं ने इन दोनों खिलाड़ियों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन कम ही लोगों को उनके बारे में पता होगा।
चाहे बात गोल दागने की हो या फिर स्किल की, हर मामले में महिला फुटबॉलर्स ने खुद को साबित किया है।
महिला दिवस पर जानें दुनिया की बेस्ट 5 महिला फुटबॉलर्स के बारे में।
एबी वॉमबैच
इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज़्यादा गोल दागने वाली खिलाड़ी
2001 में अमेरिका के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली एबी ने जो किया है वह असाधारण है।
इंटरनेशनल मुकाबलों में गोल करना हर फुटबॉलर के करियर का सबसे सुखद लम्हा होता है, लेकिन एबी ने इतने गोल मार दिए हैं कि वह खुद हतप्रभ होंगी।
अमेरिका के लिए 256 मुकाबलों में एबी ने 184 गोल दागे हैं और वह इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज़्यादा गोल दागने वाली फुटबॉलर हैं।
उन्हें कई सारे व्यक्तिगत अवार्ड दिए गए।
मार्ता
ब्राज़ील की महिला 'पेले'
ब्राज़ील के लिए खेलने वाली महिला फुटबॉलर मार्ता को खुद पेले ने 'Pelé in skirts' निकनेम दिया था।
मार्ता ने अब तक ब्राज़ील के लिए 133 मुकाबलों में 110 गोल दागे हैं। 2006 से लेकर 2010 तक उन्होंने पांच साल लगातार 'फीफा वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर' का अवार्ड जीता था।
फीफा विमेंस वर्ल्ड कप में उन्होंने 2007 में गोल्डेन बॉल और गोल्डेन बूट दोनों ही अपने नाम किये थे।
अलेक्स मोर्गन
अमेरिका की बेहद शानदार फुटबॉलर
अमेरिकी की महिला फुटबॉलर अलेक्स मोर्गन लंबे समय से फुटबॉल खेल रही हैं। उन्होंने अपने करियर में कुल आठ क्लबों के लिए खेला है।
उन्हें महिला फुटबॉल की दिग्गज खिलाड़ी के रूप में जाना जाता है। मोर्गन ने अमेरिका के 158 मुकाबलों में 99 गोल दागे हैं।
इंटरनेशनल मैचों में 99 गोल दागना कोई आम बात नहीं है। मोर्गन ने 2012 में ओलंपिक गोल्ड मेडल और 2015 में फीफा विमेंस वर्ल्ड कप भी जीता था।
लीके मार्टेंस
बार्सिलोना विमेंस टीम की मेसी
नीदरलैंड की 26 वर्षीया फुटबॉलर लीके मार्टेंस बार्सिलोना की महिला टीम के लिए खेलती हैं। उन्हें महिला मेसी के नाम से जाना जाता है।
मार्टेंस मिडफील्डर और फारवर्ड दोनों ही पोजीशन में खेल सकती हैं और उनके पास स्किल्स का खजाना है।
2017 में उन्होंने नीदरलैंड के साथ UEFA विमेंस चैंपियनशिप जीती थी और अब तक नीदरलैंड के लिए 100 मुकाबलों में 39 गोल दाग चुकी हैं।
अपनी स्किल से वह अच्छे-अच्छे फुटबॉलर्स को पीछे छोड़ने की क्षमता रखती हैं।
बैलन डे ऑर
बैलन डे ऑर जीतने वाली पहली महिला फुटबॉलर
नॉर्वे की महिला फुटबॉलर अडा हेगरबर्ग फ्रेंच क्लब ल्योन के लिए फारवर्ड खिलाड़ी के रूप में खेलती हैं।
2018 में पहली बार महिलाओं को बैलन डे ऑर देने का निर्णय लिया गया और हेगरबर्ग इसे जीतने वाली पहली महिला फुटबॉलर बनीं।
अपने करियर में 233 मुकाबलों में 237 गोल दाग चुकी 23 वर्षीया हेगरबर्ग ने पिछले तीन सीजन लगातार विमेंस चैंपियन्स लीग जीता है।
इसके अलावा वह लगातार चार सीजन से फर्स्ट डिवीजन का खिताब भी जीत रही हैं।