कोलंबो टेस्ट के ड्रॉ के बाद WTC की अंक तालिका में कैसी है भारत की स्थिति?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच कोलंबो में सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। फॉलो-ऑन खेलते हुए श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 429/9 का स्कोर बनाया और दोनों कप्तानों की सहमति से मुकाबला ड्रॉ रहा। श्रीलंका की ओर से सोनल दिनुशा ने दोनों पारियों में शतक लगाए और भारत को मैच नहीं जीतने दिया। इस मैच के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से ड्रॉ रहा मुकाबला
कोलंबो टेस्ट में भारत ने अपनी पहली पारी में 503/9 का स्कोर बनाया, जिसमें देवदत्त पडिक्कल (117) और ध्रुव जुरेल (115*) ने शतक लगाए।
जवाब में श्रीलंकाई पारी दिनुशा के शतक (103) के बावजूद 290 रन पर ही सिमट गई।
इसके बाद फॉलो-ऑन खेलने पर मजबूर हुई मेजबान टीम ने पसिंदु सूरियाबंदारा (92) और दिनुशा (133*) की बदौलत 429/9 का स्कोर बनाया और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
तालिका
भारत और श्रीलंका की स्थिति में नहीं हुआ बदलाव
भारतीय टीम 51.52 प्रतिशत अंक के साथ 5वें स्थान पर बरकरार है। इस चक्र में भारत ने 5 मैच जीते हैं और 4 मैचों में हार झेली है। इसके अलावा 2 टेस्ट ड्रॉ खेले हैं।
वहीं, भारत से नीचे श्रीलंका 33.33 प्रतिशत अंक के साथ छठे स्थान पर है। श्रीलंकाई टीम ने अपना तीसरा टेस्ट ड्रॉ कराया है। इस चक्र में उन्होंने अब तक एक टेस्ट जीता है और 2 में शिकस्त झेली है।
ऑस्ट्रेलिया
शीर्ष पर मौजूद है ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 80.00 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद है। कंगारू टीम ने इस चक्र में 8 टेस्ट जीते हैं और 2 में हार झेली है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम 75.00 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। प्रोटियाज टीम ने 3 मैच जीते हैं और एक में हार का सामना किया है।
न्यूजीलैंड की टीम 72.22 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। कीवी टीम ने 4 मैच जीते हैं और 1 में हार झेली है।
अन्य टीमें
ऐसी है अन्य टीमों की स्थिति
बांग्लादेश अब 55.56 प्रतिशत अंको के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। नजमुल हुसैन शान्तो की कप्तानी वाली बांग्लादेशी टीम ने WTC 2025-27 में 3 टेस्ट जीते हैं और एक टेस्ट ड्रॉ खेला है।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम 29.76 प्रतिशत अंको के साथ 7वें स्थान पर हैं। इंग्लिश टीम ने 5 मैच जीते हैं और 8 में हार झेली है।
तालिका में वेस्टइंडीज 8वें और पाकिस्तान 9वें स्थान पर हैं।