फीफा विश्व कप: स्पेन ने ऑस्ट्रिया को हराकर राउंड ऑफ-16 में किया प्रवेश, ये रिकॉर्ड्स बने
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में स्पेन फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रिया को 3-0 से हरा दिया। इसी के साथ स्पेन ने राउंड ऑफ-16 में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि ऑस्ट्रिया का इस टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। पूरे मुकाबले में स्पेन की टीम का दबदबा देखने को मिला और उसने ऑस्ट्रिया को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। युवा स्टार खिलाड़ी लमिन यमाल मैच में गोल करने में सफल नहीं रहे।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
पहले हाफ में स्पेन ने कई शानदार मौके बनाए और इसका फायदा उसे 36वें मिनट में मिला, जब मिकेल ओयारजाबाल ने गोल दागकर 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में भी उनका दबदबा कायम रहा। 66वें मिनट में पेड्रो पोरो ने गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। दूसरी ओर ऑस्ट्रिया ने कुछ मौके बनाए, लेकिन वह उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी। ओयारजाबाल ने 89वें मिनट में एक और गोल दागकर स्पेन की जीत पर मुहर लगा दी।
उपलब्धि
16 साल बाद स्पेन ने जीता नॉकआउट मुकाबला
स्पेन ने फीफा विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में 16 साल का इंतजार खत्म कर दिया है। टीम ने आखिरी बार साल 2010 में नॉकआउट चरण का मुकाबला जीता था और उसी वर्ष विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया था। इसके बाद स्पेन को 2014 में ग्रुप चरण से ही बाहर होना पड़ा था। वहीं, 2018 और 2022 विश्व कप में उसकी चुनौती राउंड ऑफ-16 में समाप्त हो गई थी।
रिकॉर्ड
स्पेन के गोलकीपर ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम
स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने फीफा विश्व कप में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा समय तक बिना गोल खाए रहने वाले गोलकीपर बन गए हैं। सिमोन लगातार 519 मिनट तक विपक्षी टीमों को गोल करने का मौका नहीं दे पाए हैं। उन्होंने साल 1990 विश्व कप में इटली के दिग्गज गोलकीपर वाल्टर जेंगा के 518 मिनट तक बिना गोल खाए रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
आंकड़े
मैच के आंकड़े
मैच में स्पेन ने गोल करने की 22 बार कोशिश की और 10 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ ऑस्ट्रिया ने 5 बार कोशिश की और वह एक बार भी टारगेट पर शॉट नहीं लगा पाए। इस मैच में स्पेन के पास 65 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। ऑस्ट्रिया ने 83 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 329 पास पूरे किए। स्पेन ने 610 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 83 प्रतिशत की रही।