FIFA विश्व कप 2026: नियमों में हुए बड़े बदलाव, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले समझ लीजिए
क्या है खबर?
इंटरनेशनल फुटबॉल एसोसिएशन बोर्ड (IFAB) ने FIFA विश्व कप 2026 के लिए नियमों में बड़े बदलावों को मंजूरी दी है। टूर्नामेंट अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित होगा। ये नए नियम मैच की गति बढ़ाने, समय की बर्बादी रोकने, खिलाड़ियों के अनुशासन को मजबूत करने और वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) की समीक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं। ऐसे में आइए सभी नियमों को अच्छे से समझ लेते हैं।
VAR
VAR अब यहां भी करेगा हस्तक्षेप
VAR अधिकारी अब पहले से ज्यादा परिस्थितियों में हस्तक्षेप कर सकेंगे, जिनमें गलत तरीके से दिया गया दूसरा यलो कार्ड, गलत खिलाड़ी की पहचान, गलत तरीके से दिया गया कॉर्नर किक और सेट-प्ले (जैसे कॉर्नर या फ्री-किक) से पहले हुई फाउल शामिल हैं। रेफरी को अब पिच-साइड मॉनिटर पर जाकर ऑन-फील्ड रिव्यू करने के लिए भेजा जा सकता है। ताकि वह अनुशासनात्मक निर्णय या सेट-प्ले को दोबारा कराने पर सही फैसला ले सकें।
अनुशासन
अनुशासन को लेकर बनाए गए सख्त नियम
फुटबॉल अधिकारियों ने खिलाड़ी अनुशासन को लेकर सख्त नियम लागू किए हैं। अब अगर खिलाड़ी टकराव की स्थिति में अपने मुंह को हाथ, बाजू या जर्सी से ढकते हैं तो उन्हें लाल कार्ड दिखाया जाएगा। हालांकि, सामान्य बातचीत के दौरान ऐसा करने पर कोई सजा नहीं होगी। रेफरी के फैसले के विरोध में मैदान छोड़ने वाले खिलाड़ियों को भी बाहर कर दिया जाएगा। मैच छोड़ने वाली टीम को मुकाबला स्वतः हारना पड़ेगा और अधिकारियों को भी समान सजा मिलेगी।
खेल
खेल को तेज करने के लिए आए ये नियम
खेल को तेज करने और समय की बर्बादी रोकने के लिए नए नियम लागू किए गए हैं। रेफरी अब थ्रो-इन और गोल किक पर 5 सेकंड का दिखाई देने वाला काउंटडाउन लागू करेंगे। यदि खिलाड़ी समय सीमा के भीतर थ्रो-इन नहीं करता है, तो गेंद विपक्षी टीम को दे दी जाएगी। वहीं, गोल किक में देरी होने पर विपक्षी टीम को कॉर्नर किक मिल जाएगी। इन नियमों का उद्देश्य खेल की गति को बनाए रखना है।
बदलाव
खिलाड़ियों के सब्स्टीट्यूशन नियम में हुए बदलाव
नए सब्स्टीट्यूशन नियमों के तहत खिलाड़ियों को बदलाव के संकेत मिलते ही 10 सेकंड के भीतर मैदान छोड़ना होगा और उन्हें नजदीकी लाइन से बाहर जाना होगा। यदि खिलाड़ी समय पर मैदान नहीं छोड़ता है तो उसका स्थान लेने वाला खिलाड़ी तुरंत मैदान में प्रवेश नहीं कर सकेगा। उसे अगले खेल रुकने तक इंतजार करना होगा जो पुनः शुरुआत के कम से कम एक मिनट बाद होगा। इन बदलावों का मकसद खेल में अनावश्यक देरी को कम करना है।
घायल
घायल खिलाड़ियों के लिए आए ये नियम
घायल खिलाड़ियों के उपचार से जुड़े नियमों में भी बदलाव हुए हैं। अब जिन खिलाड़ियों का इलाज मैदान पर किया जाएगा, उन्हें खेल दोबारा शुरू होने के बाद कम से कम एक मिनट तक मैदान से बाहर रहना होगा। हालांकि, यह नियम गोलकीपर की चोट, सिर की चोट या संभावित कन्कशन, गंभीर टक्कर और पेनल्टी लेने वाले खिलाड़ी पर लागू नहीं होगा। हर मैच में प्रत्येक हाफ में 3 मिनट का अनिवार्य हाइड्रेशन ब्रेक होगा, जिसका समय रेफरी तय करेंगे।
कोच
खिलाड़ी चोट के दौरान कोच के आस-पास नहीं रहेंगे
अब चोट के समय को रणनीतिक ब्रेक की तरह इस्तेमाल करने की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने की कोशिश कर रही है। हालांकि इसके लिए कोई औपचारिक सजा तय नहीं की गई है, लेकिन FIFA के चीफ रेफरी पियरलुइजी कोलिना ने कहा है कि रेफरी अब अधिक सख्ती से निगरानी करेंगे। खिलाड़ियों को इलाज के दौरान कोच के आसपास इकट्ठा होने से रोका जाएगा और सुनिश्चित किया जाएगा कि यह समय केवल चिकित्सा कारणों के लिए ही उपयोग हो।
जानकारी
कब से शुरू होगा टूर्नामेंट?
विश्व कप 2026 का आगाज 12 जून से होने वाला है। इस बार 48 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में किया जाएगा। एक बार फिर अर्जेंटीना के लियोनल मेसी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो मैदान पर नजर आएंगे।