LOADING...
फीफा विश्व कप 2026, राउंड ऑफ-32: अर्जेंटीना ने रोमांचक मुकाबले में केप वर्दे को हराया
अर्जेंटीना ने रोमांचक मुकाबले में केप वर्दे को हराया

फीफा विश्व कप 2026, राउंड ऑफ-32: अर्जेंटीना ने रोमांचक मुकाबले में केप वर्दे को हराया

Jul 04, 2026
07:31 am

क्या है खबर?

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने केप वर्दे को 3-2 से हरा दिया। इसके साथ ही उसने राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली है। यह एक बेहद कड़ा मुकाबला था, जिसमें केवल 6 लाख की आबादी वाले इस छोटे से अफ्रीकी देश ने गत चैंपियन अर्जेंटीना को पूरे 120 मिनट तक कड़ी टक्कर दी। अब अर्जेंटीना का राउंड ऑफ 16 में मिस्र से मुकाबला होगा।

बढ़त

अर्जेंटीना ने पहले हाफ में बनाई बढ़त

अर्जेंटीना ने मैच की आक्रामक शुरुआत की। खेल के 29वें मिनट में लोटारो मार्टिनेज के सटीक पास पर कप्तान लियोनल मेसी ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद केप वर्दे ने भी जवाबी हमले किए, लेकिन अर्जेंटीना की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उसे गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। हालांकि, केप वर्दे ने भी अर्जेंटीना के प्रयासों को विफल करते हुए पहले हाफ में और कोई गोल नहीं खाया।

बराबरी

केप वर्दे ने दूसरे हाफ में हासिल की बराबरी

केप वर्दे ने दूसरे हाफ की शुरुआत कुछ बदली हुई रणनीति के साथ की और इसमें उसे सफलता भी मिल गई। मैच के 58वें मिनट में रयान मेंडेस ने दाहिनी ओर से जगह बनाते हुए डेरोय डुआर्टे को एक बेहतरीन पास दिया। इस पर उन्होंने एमिलियानो मार्टिनेज को पछाड़ते हुए जोरदार शॉट लगाकर गोल करते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली।

Advertisement

निर्णायक

अतिरिक्त समय में केप वर्दे के आत्मघाती गोल ने तय की अर्जेंटीना की जीत

अतिरिक्त समय के 92वें मिनट में अर्जेंटीना के लिसेंड्रो मार्टिनेज ने हेडर से बेहतरीन गोल करते हुए अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 103वें मिनट में केप वर्दे के सिडनी लोपेज काबरल ने गोल दागकर स्कोर फिर से 2-2 कर दिया। हालांकि, 111वें मिनट में केप वर्दे के डीनी बोर्जेस से एक बड़ी चूक हुई और उनके हेडर से बॉल सीधी उनके ही गोल पोस्ट में चली गई। इससे अर्जेंटीना ने 3-2 से जीत दर्ज कर ली।

Advertisement

रिकॉर्ड

मेसी 30 विश्व कप मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने

मेसी फीफा विश्व कप इतिहास में 30 मैच खेलने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा मैच खेलने का अपना ही रिकॉर्ड मजबूत किया है। इसके साथ ही उनके गोलों की संख्या 20 हो गई है, जो सर्वकालिक रिकॉर्ड है। मेसी विश्व कप के इतिहास में लगातार 8 मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह सिलसिला कतर विश्व कप 2022 के राउंड ऑफ 16 से शुरू हुआ था।

अन्य

मेसी ने ये रिकॉर्ड भी किए अपने नाम

मेसी अब विश्व कप के नॉकआउट चरण में लगातार 5 मैचों में गोल करने का नया रिकॉर्ड भी बनाया है। मेसी 2 अलग-अलग विश्व कप (2022 में 7 गोल और 2026 में अब तक 7 गोल) में 7 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी हैं। वह गोल्डन बूट के रस में सबसे आगे है। केप वर्दे विश्व कप नॉकआउट मैच में अर्जेंटीना के खिलाफ एक मैच में 2 गोल करने वाला इतिहास का सबसे कम आबादी वाला देश है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें मेसी का गोल

आंकड़े

अर्जेंटीना ने 10 बार टारगेट पर शॉट लगाए

मैच में अर्जेंटीना ने गोल करने की 21 बार कोशिश की और 10 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ केप वर्दे ने 15 बार कोशिश की और 5 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस शानदार मैच में अर्जेंटीना के पास 64 प्रतिशत समय और केप वर्दे के पास 36 प्रतिशत बॉल का कब्जा रहा। अर्जेंटीना ने 92 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 822 पास पूरे किए। केप वर्दे ने 444 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 87 प्रतिशत की रही।

Advertisement